पिछले महीने आज ही के दिन 24 जनवरी को अमेरिकी रिसर्च कंपनी हिंडनबर्ग ने अडानी पर 106 पेज की रिपोर्ट जारी की थी। इस रिपोर्ट में अडानी ग्रुप पर शेयरों में हेरफेर और अकाउंटिंग धोखाधड़ी समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। रिपोर्ट आने के बाद अडानी के शेयर लगातार गिरते चले गए और महीनेभर में 80 पर्सेंट से अधिक लुढ़क गए। स्टॉक अपने 52-सप्ताह के हाई से लगभग 84% तक गया गया है। गिरावट का सिलसिला आज भी जारी है। शुक्रवार 24 फरवरी को भी अडानी के ज्यादातर शेयरों में लोअर सर्किट लगा है।

महीनेभर में 12 लाख करोड़ रुपये का नुकसान
हिंडनबर्ग रिसर्च की एक धमाकेदार रिपोर्ट ने केवल एक महीने में अडानी निवेशकों के पोर्टफोलियो में 12 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया है। अडानी ग्रुप के शेयरों का कुल मार्केट कैप एक महीने में 62% कम होकर 7.32 लाख करोड़ रुपये हो गया है।
बता दें कि 24 जनवरी 2023 को गौतम अडानी पर अमेरिका की शॉर्ट सेलर फर्म हिंडनबर्ग ने 106 पेज की एक रिपोर्ट जारी की थी। इसके बाद अडानी ग्रुप की कंपनियों को लेकर ना सिर्फ दुनिया का नजरिया बदला बल्कि ग्रुप के शेयरों में भी तूफान आ गया। इस रिपोर्ट की वजह से ही व्यक्तिगत तौर पर गौतम अडानी भी दौलत गंवाते चले गए। एक महीने पहले तक दुनिया के टॉप 3 रईस अरबपतियों में शुमार गौतम अडानी अब दुनिया के टॉप 25 रईस की सूची से भी बाहर हो चुके हैं। आज यानी 24 फरवरी 2023 को हिंडनबर्ग रिपोर्ट के एक महीने पूरे हो गए हैं।