Today

IPL 2025: मध्य प्रदेश का दबदबा! रजत पाटीदार की कप्तानी में खेलेंगे विराट कोहली

Report by manisha yadav

IPL 2025: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का काउंटडाउन शुरू हो गया है। 22 मार्च से आईपीएल 2025 के 18वें सीजन का आगाज होने जा रहा है। वहीं आईपीएल में इस बार मध्य प्रदेश का भी जलवा देखने को मिल रहा है। भले ही आईपीएल में एमपी की टीम नहीं है, लेकिन प्रदेश के क्रिकेटरों ने अपने शानदार खेल से सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। इसका फायदा भी उन्हें बड़े स्तर पर हुआ है। 

कप्तानी और उपकप्तानी करते दिखेंगे प्रदेश के ये दो खिलाड़ी 

IPL इतिहास में पहली बार मध्य प्रदेश के दो खिलाड़ी कप्तानी और उपकप्तानी करते हुए नजर आएंगे। इंदौर के रजत पाटीदार को पहले ही आरसीबी ने अपना कप्तान नियुक्त किया था। जबकि अब इंदौर से ही आने वाले वेंकटेश अय्यर को केकेआर ने अपना उपकप्तान बनाया है।  ऐसा पहली बार हो रहा है जब एमपी के दो खिलाड़ी आईपीएल में अहम भूमिका में नजर आने वाले हैं। 

रजत पाटीदार संभालेंगे आरसीबी की कप्तानी

इंदौर के रहने वाले रजत पाटीदार को आईपीएल 2025 (IPL 2025) में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) का कप्तान बनाया गया है। यह फैसला पहले ही हो चुका था। बता दें कि आरसीबी ने पाटीदार को 11 करोड़ रुपए में खरीदा। रजत पाटीदार मध्य प्रदेश की कप्तानी कर चुके हैं। वहीं इस बार आरसीबी के पूर्व कप्तान रहे विराट कोहली भी रजत पाटीदार की कप्तानी में खेलते नजर आएंगे।  

वेंकटेश अय्यर को मिली केकेआर की उपकप्तानी

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने आईपीएल 2025 (IPL 2025) की नीलामी में इंदौर के ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को 23.75 करोड़ की बड़ी रकम में खरीदा। इसके बाद से ही चर्चा थी कि उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी। 3 मार्च को केकेआर ने घोषणा की कि वेंकटेश अय्यर KKR के उपकप्तान होंगे। बता दें कि अजिंक्य रहाणे को टीम का कप्तान बनाया गया। खास बात यह है कि वेंकटेश अय्यर ने केकेआर के लिए ही आईपीएल डेब्यू किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *