Report by manisha yadav
रायपुर। छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी सुरक्षा विधेयक 2023 विधानसभा से पारित होने पर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मोहम्मद असलम ने बयान जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बहुत-बहुत आभार है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के मीडिया कर्मियों के लिए 22 मार्च का दिन ऐतिहासिक रहा। छत्तीसगढ़ सरकार ने विधानसभा में छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी सुरक्षा विधेयक 2023 को पास कर कानून बना दिया है। इस कानून के बनने से प्रदेश के मीडिया कर्मी निर्भीकता से जनता की आवाज उठाते हुए जन भागीदारी निभाएंगे। प्रवक्ता मोहम्मद असलम ने कहा कि इस कानून के विधानसभा में सर्वसम्मति से पारित होना प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की दूरगामी सोच और पत्रकारों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है। इस कानून के बनने से छत्तीसगढ़ में देश का चौथा स्तंभ कहा जाने वाला पत्रकारिता जगत मजबूत हुआ है। अब मीडिया कर्मियों के लिए काम करने में आसानी होगी और यह कानून मीडिया कर्मियों के लिए मददगार साबित होगा। उन्होंने कहा की मीडिया कर्मियों की लंबे समय से मांग थी, कि उन्हें सुरक्षा विधेयक के जरिए छत्तीसगढ़ के मीडिया कर्मियों को सशक्त बनाया जाए। इस कानून को विधानसभा में पारित कर कांग्रेस पार्टी ने अपना महत्वपूर्ण वादा भी पूरा कर दिया है। मीडिया कर्मियों की सुरक्षा के लिए कानून बनाने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बन गया है। अब छत्तीसगढ़ के पत्रकार “मीडिया कर्मी
सुरक्षा विधेयक” लागू होने से अपने आप को भय से मुक्त पा रहे हैं और उन्हें कार्य करने की पूरी स्वतंत्रता मिल गई है, यह प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है। कांग्रेस पार्टी ने इस विधेयक के पारित होने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री को बधाई प्रेषित की है और आभार व्यक्त किया है।