Today

मुख्यमंत्री द्वारा प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदी की घोषणा: किसान प्रफुल्लित

किसान शत्रुघन, ललित एवं रामसायने बताया किसान हितैषी कदम
किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बताया महत्वपूर्ण कदम

रायपुर, मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा राज्य के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य के अंतर्गत अब प्रति एकड़ 15 क्विंटल की जगह 20 क्विंटल धान खरीदी की घोषणा से बालोद जिले के किसान भी अत्यंत प्रफुल्लित है। जिले के किसानों ने मुख्यमंत्री द्वारा किसान हित में लिए गए इस निर्णय को राज्य के किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा इस संबंध में किए गए घोषणा की मुक्तकंठ से सराहना की है। मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा की सराहना करते हुए बालोद विकासखण्ड के ग्राम देउरतराई के किसान श्री शत्रुघन ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के इस निर्णय की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का यह निर्णय आने वाले समय में किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के घोषणा के फलस्वरूप समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के अंतर्गत अब प्रति एकड़ 15 क्विंटल के स्थान पर 20 क्विंटल धान की खरीदी करने से किसानों को समूचित मात्रा में राशि भी प्राप्त हो सकेगी। इसके अलावा 15 क्विंटल के अतिरिक्त अपने आवश्यकता के लिए धान कोचियों एवं व्यापारियों के पास धान बेचने की समस्या से भी निजात मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा की गई घोषणा की सराहना जिले के बालोद विकासखण्ड के ग्राम लाटाबोड़ निवासी श्री ललित कुमार साहू ने भी की है। किसान ललित कुमार साहू ने बताया कि उनकी  03 एकड़ कृषि भूमि है। उनका परिवार अपनी जीवीकोपार्जन के लिए केवल कृषि पर ही निर्भर रहता है। ललित ने बताया कि उनके 03 एकड़ कृषि भूमि से 80 क्विंटल धान का उत्पादन होता है। जिससे वह समर्थन मूल्य पर मात्र 45 क्विंटल धान ही बेच पाता था। ललित कुमार ने बताया कि छोटे किसान होने के नाते उनके लिए एक-एक क्विंटल धान बहुत महत्व रखता है। लेकिन अब मुख्यमंत्री के इस घोषणा से हमारी बहुत बड़ी चिंता दूर हुई है। अब वे प्रति क्विंटल के हिसाब से 05 क्विंटल अतिरिक्त धान को धान खरीदी केन्द्र में समर्थन मूल्य पर बेच सकेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को हृदय से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस तरह से किसान पुत्र मुख्यमंत्री के द्वारा एक सच्चे अभिभावक की भाँति किसानों की वास्तविक जरूरतों को समझते हुए अन्नदाता किसानों के मेहनत को सम्मान दिलाने का अभिनव कार्य किया है।

मुख्यमंत्री के इस निर्णय का विकासखण्ड बालोद के ग्राम देउतराई के किसान रामसाय देंवागन, श्री चंद्रिका लाल सिंह, राम अवतार ठाकुर, अभिलाष देवांगन तथा ग्राम लाटाबोड़ के श्री देवीराम साहू, अशोक कल्याणी, क्यामल साहू ने भी किसान हितैषी बताते हुए इसे राज्य के मेहनतकश श्रमवीर किसानों का सम्मान बताया है। किसानों ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त किया है कि राज्य शासन का यह निर्णय आने वाले समय में किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए एक क्रांतिकारी कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *