मंत्री राजवाड़े आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका ऑनलाइन भर्ती प्रणाली का करेंगी राज्य स्तरीय शुभारंभ

Report by manisha yadav

नई विभागीय वेबसाइट के साथ भर्ती प्रक्रिया होगी पूरी तरह डिजिटल

रायपुर, छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, भरोसेमंद और आधुनिक बनाने की दिशा में राज्य सरकार एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े 19 दिसंबर शुक्रवार को प्रातः 11 बजे मंत्रालय स्थित महानदी भवन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका की ऑनलाइन भर्ती सॉफ्टवेयर तथा नई विभागीय वेबसाइट का राज्य स्तरीय शुभारंभ करेंगी।

यह डिजिटल भर्ती प्रणाली आवेदन से लेकर चयन तक की पूरी प्रक्रिया को एक ही ऑनलाइन मंच पर उपलब्ध कराएगी। इससे योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर मिलेगा और भर्ती प्रक्रिया अधिक सरल, स्पष्ट एवं निष्पक्ष बनेगी। साथ ही अनावश्यक कार्यालयीन दौड़-भाग और भ्रम की स्थिति से भी निजात मिलेगी।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि ऑनलाइन प्रणाली से पारदर्शिता बढ़ेगी तथा समय और संसाधनों की बचत होगी। यह पहल आंगनबाड़ी सेवाओं से जुड़े मानव संसाधन प्रबंधन को सशक्त बनाएगी और महिला एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक सिद्ध होगी।

नई डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से शासन की कार्यप्रणाली में विश्वास बढ़ेगा और छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी व्यवस्था को आधुनिक, उत्तरदायी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *