हिमाचल में उपचुनाव के लिए BJP ने जारी की लिस्ट, छह सीटों पर कांग्रेस के बागी विधायकों को दिया मौका

शिमला। हिमाचल प्रदेश में आगामी उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की छह विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के उन्हीं बागी विधायकों को उतारा है, जिन्होंने हाल ही में भाजपा का हाथ थामा है।

भाजपा ने धर्मशाला से सुधीर शर्मा, लाहौल और स्पीति (SC) से रवि ठाकुर, सुजानपुर से राजिंद्र राणा, बड़सर से इंद्रदत्त लखनपाल, गगरेट से चैतन्य शर्मा और कुटलैहड़ से देविन्दर कुमार (भुट्टो) को उतारा है। इन सीटों पर ये नेता पहले भी विधायक रह चुके हैं। अब चुनावी मैदान में ये भाजपा की ओर से चुनाव लड़ेंगे।

हर्ष महाजन के समर्थन में दिया था वोट

हिमाचल में राज्यसभा चुनाव के दिन छह कांग्रेस विधायकों ने भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन के समर्थन में वोट दिया था। इनमें ये विधायक ही शामिल थे। जिसके बाद हिमाचल की राजनीति में मानो भूचाल आ गया। स्थिति यह हो गई कि सुक्खू सरकार पर खतरा मंडराने लगा।

बहरहाल किसी तरह से हिमाचल में कांग्रेस सरकार अपनी सत्ता कायम रख सकी। 23 मार्च को इन विधायकों समेत तीन निर्दलीय विधायकों ने भाजपा का हाथ थाम लिया। कांग्रेस विधायकों पर आरोप था कि उन्होंने पार्टी की ओर से व्हिप का उल्लंघन किया है। जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें अयोग्य करार देते हुए उनकी सदस्यता का रद कर दिया था

छह नहीं नौ सीटों पर होगा चुनाव

आने वाली एक जून को हिमाचल में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ इन 6 विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव भी होने हैं। गई 22 तारीख को तीन निर्दलीय विधायकों ने भी इस्तीफा दे दिया जिसके बाद अब सीटों की संख्या नौ हो गई है। ऐसे में भाजपा इन तीन सीटों पर भी उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती हैं। वहीं अन्य पार्टियां किन उम्मीदवारों पर दांव लगाएगी। जनता को इसका भी इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *