बांग्लादेश की सबसे पहली प्राथमिकता… पहली रैली में क्या बोले 17 साल बाद वतन लौटे तारिक रहमान

इससे पहले 29 नवंबर को एक फेसबुक पोस्ट में रहमान ने कहा था कि किसी बच्चे की तरह वह भी संकट के इस समय में अपनी गंभीर रूप से बीमार मां के पास रहने के लिए तरस रहे हैं।बांग्लादेश में 17 साल बाद वतन लौटे पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान ने गुरुवार को अपने स्वागत में आयोजित रैली को संबोधित किया। हजारों लोगों की भीड़ को संबोधित करते हुए तारिक ने देश में शांति का आह्वान किया है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान ने कहा है कि बांग्लादेश की पहली प्राथमिकता शांति स्थापित करने की होनी चाहिए।गौरतलब है कि तारिक रहमान गुरुवार को 17 साल के अंतराल के बाद ब्रिटेन से स्वेदश लौटे हैं। रहमान के साथ उनकी पत्नी जुबैदा रहमान और बेटी जैमा रहमान भी ढाका पहुंची हैं। बीएनपी की स्थायी समिति के सदस्यों ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत जोरदार स्वागत किया। वहीं हजारों बीएनपी समर्थक सड़कों पर इकट्ठे होकर उनका स्वागत करने के लिए तैयार थे।

ढाका में सभा को संबोधित करते हुए, तारिक रहमान ने देश में शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि वे बांग्लादेश में स्थिरता और शांति सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगे। रहमान ने कहा, “चाहे पुरुष हों, महिलाएं हों या बच्चे, बांग्लादेश की शांति और गरिमा बनाए रखना हमेशा हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। हम सब मिलकर काम करेंगे और अपने सपनों का बांग्लादेश का निर्माण करेंगे।”

वहीं तारिक रहमान ने अपने भाषण के दौरान मार्टिन लूथर किंग जूनियर का भी जिक्र किया। रहमान ने मार्टिन लूथर के ‘मेरा एक सपना है’ भाषण का जिक्र करते हुए कहा, “हमें किसी भी कीमत पर बांग्लादेश में शांति की रक्षा करनी है। मेरे देश के लोगों के लिए ‘मेरे पास एक योजना’ है।”

रहमान की वापसी ऐसे समय में हुई है जब छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद से देश में अशांति और राजनीतिक अस्थिरता बनी हुई है जिसने पूरे बांग्लादेश को अपनी चपेट में ले लिया है। इस बीच BNP प्रमुख खालिदा जिया बीमार हैं और उनकी हालत बेहद गंभीर बताई गई है। ऐसे में तारिक रहमान को देश का अगला नेता माना जा रहा है। आगामी आम चुनाव में तारिक रहमान प्रधानमंत्री पद के प्रमुख उम्मीदवार के रूप में उभरकर सामने आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *