रायपुर कलेक्टर का सख्त कदम: राशन दुकानों में औचक निरीक्षण, व्यवस्था में लेंगे सुधार

Report by manisha yadav

रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने शहर के मौलाना अब्दुल रउफ वार्ड स्थित उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दुकान में उपलब्ध खाद्यान्न स्टॉक, वितरण रजिस्टर तथा हितग्राहियों से संबंधित अभिलेखों की बारीकी से जांच की। उन्होंने अधिकारियों और दुकान संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को समय पर एवं निर्धारित मात्रा में राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने विशेष रूप से स्टॉक प्रबंधन और रिकॉर्ड संधारण की स्थिति पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कहा कि उचित मूल्य दुकानों की जिम्मेदारी है कि वे शासन की योजनाओं का लाभ सही एवं पात्र परिवारों तक पहुंचाएं। किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने राशन वितरण से जुड़े दस्तावेजों की मिलान जांच कर पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। डॉ. गौरव सिंह ने मृत अथवा स्थानांतरित हो चुके हितग्राहियों के नाम सूची से हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पीडीएस सूची का नियमित अद्यतन आवश्यक है, ताकि वास्तविक लाभार्थियों को ही योजना का लाभ मिल सके। इसके साथ ही बीपीएल श्रेणी में केवल पात्र परिवारों को शामिल करने पर जोर देते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को सत्यापन प्रक्रिया सख्ती से अपनाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपात्र व्यक्तियों को लाभ देने की शिकायतें गंभीर मानी जाएंगी और संबंधितों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने राशन वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण और निगरानी की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समय-समय पर उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण करें तथा उपभोक्ताओं से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही, हितग्राहियों को योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया सरल बनाने पर भी जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *