टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद गौतम गंभीर को सौरव गांगुली ने किया सचेत, कहा- असली टेस्ट तो अभी बाकी है

Report by manisha yadav

हाल ही में भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी और गौतम गंभीर की कोचिंग में टी-20 विश्व कप का खिताब जीता है। इस खिताबी जीत के साथ गौतम गंभीर भारतीय टीम के एकमात्र ऐसे कोच बन गए हैं, जिन्होंने अपने कार्यकाल में टीम को चैंपियंस ट्रॉफी और टी-20 विश्व कप का खिताब जिताने में कामयाबी हासिल की है। टी-20 विश्व कप की जीत में मशगूल भारतीय टीम और कोच के लिए पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने सुझाव दिया है। उन्होंने भारतीय टीम को यहीं पर थमने के लिए नहीं, बल्कि सचेत हो जाने को कहा है।

मनी कंट्रोल को दिए एक इंटरव्यू में सौरव गांगुली ने कहा, “व्हाइट बॉल में उनकी (गौतम गंभीर) असली परीक्षा 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाली है। वहां की परिस्थितियां उनकी परीक्षा लेंगी, लेकिन मुझे विश्वास है कि उनके पास जो टीम है, उसमें वह इसमें सफल होंगे।” गांगुली ने यह भी कहा कि गंभीर और टीम इंडिया को टेस्ट क्रिकेट में अपने प्रदर्शन में सुधार करने की जरूरत है।

सौरव गांगुली ने कहा, “रेड बॉल में, उन्हें बेहतर होने की जरूरत है। और ऐसा करने का तरीका विकेट के बारे में कम सोचना है। उन्हें अपने सिस्टम से विकेट निकालने की जरूरत है। इंग्लैंड सीरीज को लें। उन्हें घरेलू मैदान पर टर्नर पर खेलने की जरूरत नहीं है। अच्छे विकेट अच्छे परिणाम देंगे।”

गांगुली ने भारतीय मुख्य कोच के प्रति अपना समर्थन भी जाहिर किया है। गांगुली ने कहा, “गौतम बहुत अच्छे कोच हैं। अगर आपको याद हो तो मैंने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी से पहले कहा था कि आपको उन्हें कुछ समय देने की जरूरत है। व्हाइट बॉल के कोच के रूप में वह इन परिस्थितियों में बहुत अच्छे हैं। उनके पास बहुत अच्छी टीम है और वह बहुत अच्छे कोच हैं।” गंभीर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 सीजन के समापन के बाद अपना ध्यान टेस्ट और वनडे क्रिकेट पर केंद्रित करेंगे। उन्होंने हाल ही में दिए अपने इंटरव्यू में कहा था कि वह वो रास्ता तलाशेंगे जिससे भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचे।

बता दें कि भारतीय टीम ने हाल ही में पिछले ढाई साल के भीतर 2 टी-20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब तो अपने नाम किया है, लेकिन उसे 2023 के वनडे विश्व कप में हार का सामना करना पड़ा था। वनडे विश्व कप का खिताब अभी भी ऑस्ट्रेलिया के पास है और वे 2027 के विश्व कप में डिफेंडिंग चैंपियन होंगे। भारत के पास ऑस्ट्रेलिया से ट्रॉफी छीनकर विश्व क्रिकेट में दबदबा स्थापित करने और व्हाइट बॉल क्रिकेट में एकछत्र राज स्थापित करने का मौका होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *