रायपुर में दिनदहाड़े लूट, 10 लाख रुपये नकद ले गए बदमाश

Report by manisha yadav

रायपुर। रायपुर में एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। डीडी नगर थाना क्षेत्र में गैस एजेंसी के एक मैनेजर से दिनदहाड़े 10 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश के लिए शहरभर में नाकेबंदी कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, श्रवण साहू महोबा बाजार के निवासी हैं और टाटीबंध स्थित गैस एजेंसी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि वह शनिवार को भुगतान राशि लेने के लिए अग्रसेन चौक स्थित गैस एजेंसी के कार्यालय पहुंचे थे। वहां से लगभग 10 लाख रुपये लेकर वे अपनी कार से टाटीबंध स्थित मुख्य कार्यालय की ओर रवाना हुए।

इसी दौरान जब वह डगनिया बाजार के पास पहुंचे, तब एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनकी कार को रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने पहले मैनेजर के साथ मारपीट की और फिर कार के भीतर रखा 10 लाख रुपये से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपी अपने चेहरे स्कार्फ से ढके हुए थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। पूरी घटना कुछ ही मिनटों में हुई और आरोपी रकम लेकर तेजी से फरार हो गए।

घटना के बाद श्रवण साहू ने तत्काल डीडी नगर थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गौतम गावड़े पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लूट की वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया प्रतीत होता है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों को नकदी के परिवहन की जानकारी पहले से थी या नहीं। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

वारदात के बाद रायपुर शहर के प्रमुख मार्गों और निकास बिंदुओं पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी गई है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने दावा किया है कि मामले के खुलासे के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस पीड़ित से विस्तृत पूछताछ कर घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *