Today

सिगरेट-पुड़िया के विवाद में युवक को पीटा और पेट में मारी गोली, 3 आरोपी गिरफ्तार

 ग्वालियर। तिघरा रोड स्थित साहिबा की बगिया के सामने मामूली विवाद को लेकर युवक से मारपीट कर गोली मारने के मामले में जनकगंज पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को बहोड़ापुर और तिघरा रोड स्थित शिवनगर के आसपास से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।लवयान्शु को डंडों और लात-घूंसों से पीटा

पुलिस के अनुसार, छह सितंबर की रात लवयान्शु गुर्जर अपने दोस्त अजय गुर्जर और पिंटू गुर्जर के साथ साहिबा की बगिया के सामने खड़ा था। इसी दौरान सिगरेट और पुड़िया लेने की बात को लेकर अजय का राजीव कलार से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर राजीव कलार, मोनू कलार, शिवम सेन, योगेश कलार और आशिक खान ने लवयान्शु के साथ डंडों और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस के मुताबिक, शिवम सेन ने पिस्टल निकालकर लवयान्शु पर गोली चला दी। गोली उसके पेट के बाईं ओर लगी और अंदर फंस गई।घायल को उसके दोस्त पिंटू और अजय ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां से स्वजन उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। अस्पताल में पुलिस ने घायल के बयान दर्ज किए।

घायल के बयान के आधार पर जनकगंज थाने में शिवम सेन, राजीव कलार, योगेश कलार, मोनू कलार और आशिक खान के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपी पकड़े, शिवम-योगेश की तलाश जारी

मंगलवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर राजीव जायसवाल उर्फ राजू कलार (45), मोनू उर्फ महेंद्र जायसवाल (39) और आशिक खान (25) को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा। पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीनों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात में शामिल होना स्वीकार किया है। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब फरार शिवम सेन और योगेश कलार की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *