Today

दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर जगदलपुर के लिए रवाना हुआ कांकेर जिले का निःशक्त दल

Report by manisha yadav

विधायक श्री आशाराम नेताम ने हरी झंडी दिखाकर बसों को किया रवाना, 277 दिव्यांग हितग्राहियों को मिलेगा लाभ

उत्तर बस्तर कांकेर, सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत कांकेर जिले के दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए आज न्यू बस स्टैंड स्थित डोम से दिव्यांग हितग्राहियों के 277 सदस्यीय दल को जगदलपुर के लिए रवाना किया गया। विधायक श्री आशाराम नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मण्डावी एवं श्री महेश जैन ने हरी झंडी दिखाकर बस सहित 06 वाहनों को रवाना किया। विधायक श्री नेताम और कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने वाहन में बैठे दिव्यांगजनों को पुष्प भेंटकर स्वस्थ जीवन एवं शुभ यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी।

उत्तर बस्तर कांकेर : दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर जगदलपुर के लिए रवाना हुआ कांकेर जिले का निःशक्त दल

जगदलपुर के क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में आयोजित निःशुल्क दिव्यांग शिविर में कांकेर जिले के 277 दिव्यांग हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। इनमें 97 हितग्राहियों को   कृत्रिम अंग तथा 180 हितग्राहियों को विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। कृत्रिम हाथ 38, कृत्रिम पैर 59, बैसाखी 64, श्रवण यंत्र 55, छड़ी 43, कैलिपर्स 2, वॉकर 3, वॉकिंग स्टिक 5, चश्मा 6 एवं जूता सहित अन्य सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

उत्तर बस्तर कांकेर : दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर जगदलपुर के लिए रवाना हुआ कांकेर जिले का निःशक्त दल

दिव्यांगजनों की सुविधा का रखा गया विशेष ध्यान
जिला प्रशासन द्वारा हितग्राहियों को जगदलपुर ले-जाने और वापस लाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है। यात्रा के दौरान दिव्यांगजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वाहनों में व्हीलचेयर सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक वाहन में दिव्यांग हितग्राहियों की सहायता के लिए सहायक भी नियुक्त किए गए हैं।
यात्रा के दौरान भोजन, पानी एवं आवश्यक सहयोग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि दिव्यांग हितग्राही आराम से शिविर स्थल तक पहुंच सकें। वाहन में चढ़ने-उतरने, व्हीलचेयर के उपयोग तथा अन्य जरूरतों के लिए भी सहयोगी कर्मचारी मौजूद रहेंगे।
विधायक श्री आशाराम नेताम ने कहा कि दिव्यांगजनों की सेवा और उन्हें उनकी जरूरत के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन द्वारा इस तरह की पहल के माध्यम से दिव्यांगजनों को उनके गांव और जिले से बाहर जाकर सुविधा प्राप्त करने में सहयोग देना सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे, यही सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य है।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि दिव्यांगजनों की सेवा का यह अवसर जिला प्रशासन के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि हितग्राहियों को शिविर तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए परिवहन से लेकर व्हीलचेयर, सहायक एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
उन्होंने कहा कि संभव है कि कुछ पात्र दिव्यांगजन किसी कारणवश आज जगदलपुर जाने वाले दल में शामिल नहीं हो पाए हों। ऐसे दिव्यांगजन निराश न हों। 14-15 अक्टूबर को दंतेवाड़ा में आयोजित होने वाले शिविर में भी उन्हें लाभ लेने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र दिव्यांगजन शासन की सुविधा से वंचित न रहे।
इसी प्रकार शिविर में चारामा से 45, नरहरपुर से 39, भानुप्रतापपुर से 38, कांकेर से 37, दुर्गूकोंदल से 48, अंतागढ़ से 36 तथा कोयलीबेड़ा से 18 दिव्यांग हितग्राही शामिल होंगे। इसके अलावा नगर पंचायत अंतागढ़ से 6, नरहरपुर से 4 तथा पखांजूर से 6 हितग्राही भी लाभान्वित होंगे। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों के दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें उनकी आवश्यकता के अनुरूप कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *