Today

अंबिकापुर में सब्जी लोड कर जा रहे दो पिकअप दुर्घटनाग्रस्त, बिजली का खंबा टूटा, कई गांवों की बिजली गुल, सब्जियां उठा ले गए ग्रामीण

अंबिकापुर। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह हादसा हो गया। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जजगा मोड़ के पास सब्जी लोड कर अंबिकापुर जा रही दो पिकअप आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि एक पिकअप सड़क किनारे खाई में जा गिरी और एक 11 केवी का बिजली पोल भी टूट गया।पोल टूटने से सलका फीडर की बिजली कई घंटे तक बाधित रही। बताया जा रहा है कि एक पिकअप रायपुर से और दूसरी बिलासपुर से सब्जी लेकर अंबिकापुर आ रही थीं। एक पिकअप में टमाटर, गोभी, मिर्ची और करेला लोड था।

पीछे आ रही पिकअप ने साइड से निकालने की कोशिश की

सुबह हल्का कोहरा था। आगे चल रही पिकअप बीच सड़क पर धीरे चल रही थी। पीछे आ रहे चालक ने साइड से निकालने की कोशिश की, लेकिन अनुमान गलत होने से पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों पिकअप की सब्जियां सड़क और खेतों पर बिखर गईं।

naidunia_image

मदद के बजाय आसपास के ग्रामीण सब्जियां लूटने दौड़ पड़े

इस दौरान मदद करने के बजाय आसपास के ग्रामीण सब्जियां लूटने दौड़ पड़े। टमाटर, गोभी, मिर्ची जो हाथ लगा, ट्रे सहित उठाकर ले गए। चालक निवेदन करता रहा, लेकिन लोगों ने एक न सुनी। पिकअप सवार मनीष कुमार साहू ने बताया कि उसकी गाड़ी रायपुर सब्जी मंडी से अंबिकापुर जा रही थी।

सामने भी सब्जी लदी दूसरी पिकअप चल रही थी। कोहरे के कारण ठीक से दिखा नहीं और टक्कर हो गई। एक पिकअप खाई में गिर गई।

naidunia_image

पुलिस के समझाने तक ग्रामीणों ने पूरा पिकअप खाली कर दिया

सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। कुछ लोग माने भी, लेकिन तब तक अधिकांश सब्जियां लूटी जा चुकी थीं। पूरा पिकअप खाली कर दिया गया था। हादसे में चालक को हल्की चोटें आई हैं। सब्जियों और खाली ट्रे सड़क पर बिखरी पड़ी रहीं, जो हादसे के बाद की लूट की गवाही दे रही थीं।[[rashi mandal]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *