मुंबई में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। गिरोह की ओर से गैंगस्टर अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। घटना मुंबई के जुहू इलाके में पुष्पा पार्क के पास हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ जब अपनी कार से एक ग्राउंड से निकल रहे थे, तभी वहां मौजूद भीड़ के बीच से उनकी गाड़ी पर गोलियां चलाई गईं।
अनिल पंडित अनमोल बिश्नोई के नाम से अकाउंट की एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें टारगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी ली गई है। वायरल पोस्ट में कहा गया, ‘जय महाकाल, जय श्री राम। राम राम जी सभी भाइयों को जो आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है इसकी जिम्मेदारी में अनिल पंडित और हरमन संधु लेते हैं। इसको हमने कॉल करके समझाया था मगर इसको समझ नहीं आया। इसलिए आज इसको बढ़िया तरह ही समझा दिया और जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा अगला नंबर उसका होगा।’
अनिल पंडित के बारे क्या मिली जानकारी
दिल्ली पुलिस और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, अनिल पंडित लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े उन अपराधियों में शामिल है, जिन पर विदेश में रहकर भारत में आपराधिक गतिविधियों का नेटवर्क चलाने के आरोप हैं। जून 2026 में दिल्ली की एक जिम पर हुई फायरिंग के बाद उसका नाम चर्चा में आया। पश्चिम विहार स्थित जिम पर 11 जून को मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं। इस घटना की जिम्मेदारी अनिल पंडित के नाम से सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में ली गई थी। इस जिम को पंजाबी गायक गुरु रंधावा से जोड़ा गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी। पुलिस ने इस मामले में 2 संदिग्धों को हरियाणा के बहादुरगढ़ से गिरफ्तार किया था।
ये भी पढ़ें:टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग का वीडियो फैन के फोन में हुआ रिकॉर्ड
रिपोर्ट में पुलिस जांच के हवाले से बताया गया कि अनिल पंडित को हैरी बॉक्सर के नेतृत्व वाले बिश्नोई गैंग नेटवर्क से जुड़े सहयोगियों के रूप में देखा जाता है। जांचकर्ताओं के अनुसार, इस नेटवर्क के सदस्य एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के जरिए संपर्क में रहते थे और स्थानीय युवकों का इस्तेमाल वारदातों में किया जाता था। वहीं, हरमन संधू का नाम भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी बताई गई आपराधिक घटनाओं में सामने आया। हरियाणा के हांसी में जिम ट्रेनर कपिल रेड्डू की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए पोस्ट में हरमन संधू समेत कुछ लोगों ने वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।
टाइगर श्रॉफ की कार पर 3-4 राउंड फायरिंग
रिपोर्ट के अनुसार, हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर तीन से चार राउंड फायरिंग की। घटना के समय अभिनेता को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा थे। फायरिंग में टाइगर श्रॉफ को कोई गोली नहीं लगी और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, उनके ड्राइवर और स्थानीय ऑटो रिक्शा चालक के घायल होने की खबर है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जानकारी में अभिनेता के घायल होने की भी बात सामने आई थी, लेकिन मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया कि उन्हें गोली नहीं लगी है।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, जुहू पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में हुई इस फायरिंग की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमले के पीछे कौन लोग थे और गोलीबारी किस वजह से की गई। वहीं, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की ओर से अनिल पंडित के सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस गिरोह के दावे और हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल, जांच पूरी होने के बाद ही हमले के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
