Today

रायपुर में इस बार तीन जगह जलेगा रावण का पुतला, WRS में 101 फीट, सप्रे स्कूल में 50 और बोरियाखुर्द में 45 फीट के रावण का होगा दहन

Report by manisha yadav

रायपुर। मंगलवार को दशहरा पर शहर के कई मैदानों में रावण दहन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। डब्ल्यूआरएस मैदान में 101 फीट ऊंचे रावण का दहन मुख्य आकर्षण रहेगा। वहीं, सप्रे स्कूल मैदान में शाम 6 बजे 50 फीट का रावण जलेगा। बोरियाखुर्द के खेल मैदान में 45 फीट रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले भी जलाए जाएंगे। डब्ल्यूआरएस मैदान में दशहरा उत्सव के दौरान मंगलवार को उरकुरा से रायपुर स्टेशन के बीच ट्रेनें अधिकतम 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। लोको पायलट लगातार हॉर्न बजाते हुए ट्रेन आगे बढ़ाएंगे। इसके अलावा जरूरत पडऩे पर वे ट्रेन रोक भी सकेंगे। 
रायपुर के सीनियर डीसीएम सुस्कर विपुल विलासराव ने बताया कि दशहरा उत्सव के दौरान हर साल की तरह इस बार भी डब्ल्यूआरएस मैदान के पास ट्रेनों की गति 15 किमी प्रति घंटा रखी जाएगी। सुरक्षा के लिए आरपीएफ, जीपीआर और स्थानीय पुलिस के करीब 250 जवान तैनात रहेंगे। ट्रैक के पास बैरिकेडिंग कर दी गई है और हर 10 मिनट में माइक से अनाउंसमेंट कर लोगों को रेलवे पटरियों से दूर रहने की हिदायत दी जाएगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेनों की रफ्तार सीमित रहने से सामान्य स्थिति में करीब 5 मिनट और व्यस्त समय में 10 मिनट तक देरी हो सकती है। हालांकि, वास्तविक देरी परिचालन की स्थिति पर निर्भर करेगी।

बूढ़ापारा स्थित सप्रे स्कूल मैदान में शाम 4 बजे से भजन जेमिंग के साथ उत्सव शुरू होगा। इसमें स्थानीय और अन्य भजन गायक भगवान श्रीराम और माता दुर्गा के भक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे। शाम 6 बजे श्रीराम-लक्ष्मण की झांकी के जरिए 50 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके बाद शाम 6:30 बजे आतिशबाजी होगी। बूढ़ापारा दशहरा उत्सव समिति पिछले 15 वर्षों से यहां आयोजन कर रही है। समिति की ओर से लोगों के बैठने, मंच और रोशनी की व्यवस्था की गई है।
बोरियाखुर्द के खेल मैदान में दशहरा सांस्कृतिक महोत्सव के दौरान 45 फीट ऊंचे रावण, 30-30 फीट के कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। दिन में पतंग उत्सव होगा। दोपहर 4 बजे सांस्कृतिक नृत्य और योग प्रदर्शन होंगे। शाम 5 बजे भगवान श्रीराम, माता सीता की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन किया जाएगा। शाम 5:30 बजे रामलीला का मंचन होगा। इसके बाद पुतलों का दहन और आतिशबाजी होगी। रात 8 बजे उज्जैन के भजन गायक सन्नी अलबेला और उनकी टीम भजनों की प्रस्तुति देगी।
रायपुर के रावणभाठा मैदान में भी नगर निगम की ओर से यहां पुतला दहन कार्यक्रम के लिए साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और अग्निशमन जैसी व्यवस्थाएं की गई है। यहां बड़ी संख्या में लोग रावण दहन देखने पहुंचते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *