Today

सेवा सेतु पोर्टल बना मददगार, घर बैठे मिला बेटी का जाति प्रमाण पत्र, ग्रामीण ने जताया आभार

Report by manisha yadav

सारंगढ़–बिलाईगढ़ । राज्य शासन की डिजिटल सुशासन की पहल के तहत संचालित सेवा सेतु पोर्टल नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराने में मददगार बन रहा है। पोर्टल के माध्यम से नागरिक कई सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और संबंधित प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इससे आवेदन के लिए बार-बार कार्यालय जाने की आवश्यकता कम होती है और समय तथा श्रम की बचत होती है।

जिले के आवेदक सुरज कुमार बरेठ को भी इस व्यवस्था से राहत मिली। उन्होंने अपनी पुत्री सिमरन बरेठ का जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया। आवेदन के बाद आवश्यक दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन किया गया और प्रक्रिया पूरी होने पर उन्हें बेटी का जाति प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ। इससे परिवार को प्रमाण पत्र के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की परेशानी से राहत मिली।

सुरज कुमार बरेठ ने बताया कि पहले जाति प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया में काफी समय और मेहनत लगती थी। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना और प्रक्रिया पूरी कराना आसान हुआ है। बेटी सिमरन का प्रमाण पत्र मिलने से उसकी पढ़ाई और आगे के जरूरी कार्यों में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि शासन की यह व्यवस्था आम नागरिकों के लिए उपयोगी और राहत देने वाली है।

सेवा सेतु पोर्टल के जरिए शासकीय सेवाओं को डिजिटल माध्यम से नागरिकों तक पहुंचाने का उद्देश्य प्रक्रियाओं को सहज बनाना और आवेदन तथा दस्तावेजों के सत्यापन में पारदर्शिता बढ़ाना है। ऑनलाइन सुविधा के साथ निकटतम सेवा केंद्रों के माध्यम से भी नागरिक आवेदन संबंधी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इस तरह तकनीक आधारित व्यवस्था लोगों को आवश्यक प्रमाण पत्र और सेवाएं पाने में सहूलियत दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *