रायगढ़। जिले के पांच दिव्यांगजनों के जीवन में उस समय आशा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई किरण का संचार हुआ, जब जिले के प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम तथा वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी के कर-कमलों से उन्हें सहायक उपकरण प्रदान किए गए। यह अवसर केवल उपकरण वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि दिव्यांगजनों के सम्मान, स्वावलंबन और आगे बढ़ने के दृढ़ संकल्प का सशक्त प्रतीक बना, जिसकी स्पष्ट झलक उनके प्रसन्न चेहरों पर दिखाई दी। मंगलवार को
नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने तीन दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, एक दिव्यांगजन को व्हीलचेयर तथा एक दिव्यांगजन को श्रवण यंत्र प्रदान कर लाभान्वित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार समाज के सभी वर्गों, विशेषकर दिव्यांगजनों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनके दैनिक जीवन की कठिनाइयाँ कम हों और वे सम्मानपूर्वक, आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।
