साथ में गठबंधन करते हुए उद्धव और राज ठाकरे को लगा झटका, कई नेता भाजपा में शामिल
भाजपा में शामिल होने वालों में एक चौंकाने वाला नाम महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के प्रदेश महासचिव दिनकर पाटिल का था, जो एक दिन पहले ही राज ठाकरे की पार्टी और शिवसेना (यूबीटी) के गठबंधन का जश्न मना रहे थे।
महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों से पहले, गुरुवार को नासिक जिले में राज ठाकरे की एमएनएस और उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) को बड़ा झटका लगा है। दोनों दलों के कई नेता भाजपा में शामिल हो गए। इनमें एमएनएस के पूर्व विधायक नितिन भोसले, शिवसेना (यूबीटी) के पूर्व मेयर विनायक पांडे, एमएनएस के पहले मेयर यतिन वाघ, साथ ही कांग्रेस नेता शाहू खैरे और संजय चव्हाण शामिल थे।
भाजपा में शामिल होने वालों में एक चौंकाने वाला नाम महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के प्रदेश महासचिव दिनकर पाटिल का था, जो एक दिन पहले ही राज ठाकरे की पार्टी और शिवसेना (यूबीटी) के गठबंधन का जश्न मना रहे थे। वह अपने बेटे और पूर्व पार्षद पत्नी लता पाटिल के साथ भाजपा मंत्री गिरीश महाजन की मौजूदगी में शामिल हुए। इस मौके पर महाजन ने कहा कि लोग इसलिए शामिल हो रहे हैं क्योंकि वे भाजपा की विचारधारा में विश्वास करते हैं, जो 122 सदस्यों वाले नासिक नगर निगम में 100 से ज्यादा सीटें जीतेगी।
हालांकि, बीजेपी की नासिक सेंट्रल विधायक देवयानी फरांदे ने विनायक पांडे, यतिन वाघ और शाहू खैर के पार्टी में शामिल होने का विरोध किया। उनके समर्थकों और पार्टी के दूसरे वफादारों ने पार्टी ऑफिस में प्रदर्शन किया। फरांदे ने अपनी फेसबुक पोस्ट में कहा, “मैं आज वार्ड नंबर 13 में इन लोगों के शामिल होने का साफ तौर पर विरोध करती हूं। मैं उन हिंदुत्व पार्टी कार्यकर्ताओं का पुरजोर समर्थन करती हूं जो स्थापित लोगों के खिलाफ लड़ते हैं। चुनाव प्रमुख होने के नाते, मुझसे इस मुद्दे पर पूछा नहीं गया है। जय श्रीराम।”
शिवसेना यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने आठ महीने से जारी अटकलों पर विराम लगाते हुए 15 जनवरी को होने वाले बीएमसी चुनाव के लिए बुधवार को औपचारिक रूप से दोनों दलों के बीच गठबंधन की घोषणा की। राज ठाकरे के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि दो दल साथ रहने के लिए एकसाथ आए हैं। दोनों ने कहा कि वे ‘मराठी मानुष’ और महाराष्ट्र के हित के लिए एकजुट हुए हैं। महाराष्ट्र में बीएमसी समेत 29 महानगरपालिकाओं के चुनाव 15 जनवरी को होंगे और मतगणना अगले दिन होगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 23 दिसंबर को शुरू हुई थी और 30 दिसंबर को समाप्त होगी।
