शराब घोटाले में बरी होने के बाद अरविंद केजरीवाल का भावुक क्षण, पीएम मोदी पर साधा निशाना

Report by manisha yadav

नई दिल्ली, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविदं केजरीवाल  और मनीष सिसोदिया समेत सभी आरोपी बरी कर दिए गए हैं। आरोप मुक्त किए जाने के बाद अरविंद केजरीवाल रो पड़े। पत्रकारों के सामने अपनी प्रतिक्रिया देने लगे तो वह आंसू रोक नहीं पाए।

शराब घोटाले में बरी होने के बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद रो पड़े। शुक्रवार को अदालत से बाहर आते ही अरविंद केजरीवाल पत्रकारों के सामने अपनी प्रतिक्रिया देने लगे तो वह आंसू रोक नहीं पाए। केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने कभी भ्रष्टाचार नहीं किया और अब अदालत ने भी यह कह दिया है। कई महीने जेल में बिता चुके केजरीवाल ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा।

केजरीवाल ने कहा, ‘पिछले कुछ सालों से भाजपा जिस तरह से शराब घोटाला, शराब घोटाला कर रही थी और हमारे ऊपर आरोप लगा रही थी। आज कोर्ट ने सारे आरोप खारिज कर दिए। जितने भी आरोपी थे सभी को बरी कर दिया। हम हमेशा कहते थे कि सत्य की जीत होती है। हमें भारतीय न्यायपालिका पर भरोसा है। मैं जज साहब का शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने हमारे साथ न्याय किया। सत्य की जीत हुई। मैं हमेशा कहता था कि भगवान हमारे साथ है।’

शराब घोटाले के केस को राजनीतिक साजिश बताते हुए केजरीवाल ने पीएम मोदी पर निशाना साथा उन्होंने कहा, ‘मोदी जी और अमित शाह जी ने मिलकर आजाद भारत का सबसे बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र रचा। आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए 5 सबसे बड़े नेताओं को जेल में डाल दिया। यहां तक कि मौजूदा मुख्यमंत्री को घसीटकर जेल में डाला गया। हमारे डिप्टी सीएम को दो साल जेल में रखा। पूरा फर्जी केस था। हमारे ऊपर कीचड़ डाला गया। 24 घंटे खबर चलाई जाती थी केजरीवाल भ्रष्ट है, केजरीवाल भ्रष्ट है।’

रो पड़े केजरीवाल, सिसोदिया ने संभाला

यह कहते ही अरविंद केजरीवाल रो पड़े। पास खड़े मनीष सिसोदिया ने उन्हें संभाला। केजरीवाल ने किसी तरह खुद को संभाले हुए खुद को कट्टर ईमानदार बताया। उन्होंने कहा, ‘केजरीवाल भ्रष्ट नहीं है। मैंने केवल अपनी जिंदगी में ईमानदारी कमाई है। उन्होंने झूठा केस लगाया और आज यह साबित हो गया है। कोर्ट ने कहा है कि केजरीवाल, सिसोदिया और आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार है।’

अच्छे काम करके सत्ता में आएं, झूठे केस क्यों: केजरीवाल

केजरीवाल ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री जी से कहना चाहता हूं कि सत्ता के लिए इस तरह देश और संविधान से खिलवाड़ मत करिए। आपको सत्ता चाहिए अच्छे काम करिए। आज देश के सामने इतनी बड़ी बड़ी समस्याएं हैं। महंगाई है, बेरोजगारी है। पूरे देश में सड़कें टूटी हैं, चोरों तरफ प्रदूषण है। उन समस्याओं का समाधान करके सत्ता में आइए। केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर झूठे केस क्यों करते हैं। अच्छे काम करके सत्ता में आइए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *