पाइपलाइन फटने से इंदिरा नगर में जल प्रलय: रायगढ़ में पानी का फव्वारा उछला

Report by manisha yadav

रायगढ़। शहर के इंदिरा नगर क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब नगर निगम की एक मुख्य पेयजल पाइपलाइन अचानक फट गई। पाइपलाइन फटने की वजह से पानी का दबाव इतना अधिक था कि वहां जलधारा के रूप में एक तेज फव्वारा फूट पड़ा। यह पाइपलाइन नगर निगम के 17 एमएलडी फिल्टर प्लांट से जुड़ी है, जो इंदिरा नगर के रास्ते राजीव नगर और वेयर हाउस क्षेत्र की ओर जाती है। गनीमत रही कि पाइपलाइन नाले के ऊपर फटी थी, जिससे पानी का बहाव पुल तक ही सीमित रहा और आसपास की बस्तियों में जलभराव जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

इस तकनीकी खराबी के कारण कोतरा रोड और राजीव नगर सहित कई इलाकों में जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। पाइप फटने की वजह से वेयर हाउस और आसपास के ऊंचे क्षेत्रों में पानी पर्याप्त दबाव के साथ नहीं पहुंच पाया, जिससे स्थानीय निवासियों को दैनिक कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर के एक बड़े हिस्से में पानी की सप्लाई रुकने की खबर फैलते ही नगर निगम प्रशासन तुरंत हरकत में आया और प्रभावित क्षेत्र का मुआयना किया गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर

निगम के जल विभाग का अमला दलबल के साथ मौके पर पहुँचा। सुधार कार्य के लिए निगम की 12 सदस्यीय विशेष टीम को तैनात किया गया है, जो युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, पाइपलाइन को दुरुस्त करने का काम देर रात तक पूरा कर लिया जाएगा। नगर निगम ने आश्वस्त किया है कि शुक्रवार सुबह से कोतरा रोड और संबंधित क्षेत्रों में पानी की सप्लाई फिर से सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *