Report by manisha yadav
मध्य एशिया में तनाव के बीच इजरायल ने एक बार फिर ईरान पर हमला कर दिया है। इजरायल के रक्षा मंत्री ने कहा कि पूरे देश में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ईरान की राजधानी तेहरान में धुएं का गुबार उठता देखा गया है। बता दें कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान पहले से ही युद्ध की स्थिति में हैं और यह इसी बीच इजरायल और ईरान की भिड़ंत मध्य एशिया के लिए चिंताजनक खबर है। अमेरिका ने एक दिन पहले ही इजरायल से अपने नागरिकों को निकलने को कह दिया था।
इजरायल में बज उठे सायरन
ईरान पर हमला करने के बाद पूरे इजरायल में एक साथ सायरन बज उठे। इजरायली सेना ने कहा है कि ईरान भी मिसाइल अटैक कर सकता है। ऐसे में लोगों को सावधान करने के लिए सायरन बजाए गए हैं। पूरे देश में युद्ध आपातकाल लागू कर दिया गया है।
युद्ध में कूद सकता है अमेरिका
एपी की रिपोर्ट के मुताबिक कुछ लोगों ने बताया कि शनिवार सुबह तेहरान में धमाका हुआ। सरकार ने इस धमाके को लेकर कोई बयान नहीं जारी किया है। बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर चर्चा चल रही है। हालांकि कोई हल निकलता नजर नहीं आ रहा है। डोनाल्ड ट्रंप ने पहले ही कहा था कि अगर ईरान के साथ वार्ता का कोई सार्थक परिणाम नहीं निकलता है तो वह हमला करने से गुरेज नही करेंगे। अगर ईरान इजरायल पर हमले करता है तो इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि अमेरिका भी इस युद्ध में कूद पड़ेगा और फिर युद्ध और भी भीषण हो सकता है।
