Report by manisha yadav
- मुस्लिम हाल बैजनाथपारा में लगेगा 10 दिवसीय “ईद बाज़ार”
- अतिक्रमण कार्रवाई से प्रभावित छोटे व्यापारियों को मिलेगा व्यापार का अवसर
रायपुर। शहर सीरतुन्नबी कमेटी द्वारा आगामी ईद-उल-फितर के अवसर पर मुस्लिम हाल, बैजनाथपारा में लगभग 10 दिनों के लिए “ईद बाज़ार” का आयोजन किया जा रहा है। इस बाज़ार में शहर के लोग अपने परिवार के साथ आकर ईद से जुड़ी विभिन्न प्रकार की खरीदारी एक ही स्थान पर आसानी से कर सकेंगे।
ईद बाज़ार में कपड़े, खान-पान से जुड़े सामान, सजावटी वस्तुएं तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं के विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजन स्थल पर टेंट व स्टॉल की व्यवस्था, बिजली और लाइट की सुविधा, सुरक्षा के लिए गार्ड, साफ-सफाई की व्यवस्था तथा आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की भी उचित व्यवस्था की जाएगी।
इसके साथ ही मेहंदी आर्ट, गेम ज़ोन आदि की व्यवस्था भी रहेगी, जिससे यह आयोजन एक छोटे मेले के रूप में शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा और लोग अपने परिवार के साथ आकर ईद की तैयारियों का आनंद ले सकेंगे।
शहर सीरतुन्नबी कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद सोहेल सेठी ने बताया कि हाल ही में नगर निगम की अतिक्रमण कार्रवाई में कई छोटे और फुटकर व्यापारियों की दुकानें प्रभावित हुई हैं। व्यापारियों की इसी परेशानी को ध्यान में रखते हुए कमेटी द्वारा “ईद बाज़ार” की शुरुआत की जा रही है, ताकि ऐसे जरूरतमंद व्यापारियों को एक मंच मिल सके और उन्हें अपने व्यापार को आगे बढ़ाने का अवसर प्राप्त हो सके।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में इस ईद बाज़ार में पहुंचकर खरीदारी करें और इस सामाजिक पहल को सफल बनाने में सहयोग दें।
