जंगल में अवैध बोरवेल खनन पर वन विभाग की सख्ती, दो ट्रक जब्त

Report by manisha yadav

रायपुर, जशपुर जिले के वन क्षेत्र में अवैध बोरवेल खनन पर वन विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को जब्त किया है। विभाग को ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई और वन भूमि पर चल रहे अवैध खनन को रुकवाया गया।

जंगल में अवैध बोरवेल खनन पर वन विभाग की सख्ती, दो ट्रक जब्त

जांच में पाया गया कि वन क्षेत्र के भीतर अवैध रूप से बोरवेल खनन किया जा रहा था, जिससे पर्यावरण और जैव विविधता को नुकसान पहुंचने की आशंका थी। वन अमले ने मौके पर ही कार्य को बंद कराया और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की।वाहन चालक सल्लू राम और गोधन कोमा ने बताया कि वे यह कार्य राजेश यादव (ग्राम दातुनपानी) के कहने पर कर रहे थे। वन विभाग ने ट्रक क्रमांक सीजी 22 एफ 7660 और सीजी 22 एफ 7659 को जब्त कर लिया है। दोनों वाहनों को वन आवासीय परिसर सन्ना में सुरक्षित रखा गया है। इस मामले में वन अपराध के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन, बोरवेल खनन या अन्य गतिविधियां पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत वन विभाग को दें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *