महामहिम राज्यपाल ने रायपुर रेलवे स्टेशन पर हनुमान जन्मोत्सव में की शिरकत, कुबेर राठी के सेवा कार्यों को सराहा

Report by manisha yadav

रायपुर । राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन परिसर स्थित ‘सर्व धर्म हनुमान मंदिर’ में हनुमान जन्मोत्सव का पर्व अभूतपूर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस गरिमामयी समारोह में छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल रामेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन की भव्यता और समाजसेवी कुबेर राठी के सेवा संकल्प की राज्यपाल ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

भक्ति और सामाजिक समरसता का संगम

भगवान बजरंगबली की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए राज्यपाल रामेन डेका ने कहा कि ईश्वर ऐसे पुण्य कार्यों के लिए अपने विशेष भक्तों को चुनता है। उन्होंने कुबेर राठी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि समाज में एकता और समरसता का संदेश भी दे रहा है।

हनुमान जन्मोत्सव पर किरण सिंह देव ने दी प्रदेश को शुभकामनाएं

हनुमान जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने ‘सर्व धर्म हनुमान मंदिर’ पहुंचकर बजरंगबली की पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इस मंदिर में प्रभु का प्राकट्योत्सव प्रतिवर्ष बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। उन्होंने मंदिर की महिमा का उल्लेख करते हुए बताया कि यहाँ हजारों श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ उमड़ते हैं और सामूहिक भोग-प्रसाद ग्रहण कर भक्ति व सामाजिक समरसता का परिचय देते हैं।

सेवा ही जीवन का परम लक्ष्य: कुबेर राठी

समिति के संस्थापक और प्रसिद्ध समाजसेवी कुबेर राठी ने इस अवसर पर भगवान बजरंगबली जी की भव्य आरती की और प्रदेशवासियों की खुशहाली और आरोग्य की कामना की। उन्होंने भावुक स्वर में कहा कि बजरंगबली की सेवा ही मेरे जीवन का एकमात्र लक्ष्य है। आज महीनों की तैयारी और सेवादारों का समर्पण सफल हुआ। यह सब प्रभु की कृपा से ही संभव है कि हम हजारों भक्तों की सेवा कर पा रहे हैं।

विशाल महाभंडारा: 15 हजार श्रद्धालुओं ने पाया प्रसाद

जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में सेवा का महाकुंभ देखने को मिला। सुबह से शुरू हुए विशाल महाभंडारे में लगभग 10,000 से 15,000 श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बेहद अनुशासित तरीके से प्रसाद ग्रहण किया। ‘जय बजरंगबली’ और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से पूरा स्टेशन परिसर भक्तिमय हो गया।

महाआरती और आतिशबाजी से भक्तिमय हुआ आकाश

हनुमान जन्मोत्सव के इस पावन एवं शुभ अवसर पर मंदिर प्रांगण का दृश्य अत्यंत मनोहारी और अलौकिक रहा, जहाँ रात्रि की बेला में विधिवत् ‘महाआरती’ का आयोजन किया गया। गंगा आरती की तर्ज पर संपन्न हुई इस भव्य महाआरती ने संपूर्ण वातावरण को अटूट श्रद्धा और भक्ति के रस में सराबोर कर दिया। भक्ति के इस चरमोत्कर्ष के उपरांत, अत्याधुनिक लेजर शो की झिलमिलाती रोशनी और आकाश में की गई भव्य आतिशबाजी ने उत्सव की रौनक में चार चांद लगा दिए, जिसे देख उपस्थित श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठे।

दिग्गज नेताओं की उपस्थिति

इस पावन अवसर पर प्रदेश की कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव,राज्यसभा सांसद
लक्ष्मी वर्मा, उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ,ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू,दक्षिण विधायक सुनील सोनी,भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राठी,महिला आयोग अध्यक्ष वर्णिका शर्मा,अल्प संख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आभा सिंह , अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत , पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा,चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष संदीप थौरानी,वरिष्ठ नेता श्रीचंद सुंदरानी,अंकित राठी,सर्व धर्म हनुमान मंदिर सेवा समिति संयोजक कमलेश तिवारी,महासचिव महेंद्र सिंघानिया, सर्व धर्म हनुमान मंदिर सेवा समिति सदस्यगण , कार्यकर्ता सहित श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *