Today

सुशासन तिहार: जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से हो रहा समस्याओं का त्वरित समाधान

Report by manisha yadav

अकलतरा, सारागांव एवं लखुर्री में आयोजित हुए शिविर, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

रायपुर,मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुसार “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।

अकलतरा, सारागांव एवं लखुर्री में आयोजित हुए शिविर, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

इसी क्रम में आज जांजगीर-चांपा जिले के नगर पालिका अकलतरा, नगर पंचायत सारागांव एवं जनपद पंचायत बम्हनीडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत लखुर्री में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए गए। नगर पालिका अकलतरा के राजेंद्र कुमार सिंह उमावि वार्ड क्रमांक 5, नगर पंचायत सारागांव के सांस्कृतिक भवन तथा ग्राम पंचायत लखुर्री के पीएम श्री प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

शिविरों में पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी, मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड ऋण, श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, सुपोषण किट, ऋण पुस्तिका, बी-1 एवं खसरा सहित विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री एवं सहायता राशि वितरित की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

ग्राम पंचायत लखुर्री में आयोजित शिविर में कुल 1240 आवेदन प्राप्त हुए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

शिविर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गांव-गांव पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदन सरल एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत प्राप्त कर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि बिजली, पेयजल, पेंशन, राशन कार्ड ई-केवाईसी, आयुष्मान कार्ड, श्रमिक जॉब कार्ड एवं मजदूरी भुगतान जैसी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए उन्होंने किसानों से कृषि संबंधी समस्याएं साझा करने की अपील की तथा उन्नत बीज एवं उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से स्वास्थ्य शिविर का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि शुगर, ब्लड प्रेशर एवं अन्य बीमारियों की नियमित जांच आवश्यक है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुश्री आशा साव, जनपद अध्यक्ष बम्हनीडीह श्रीमती मनीषा चौहान, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

12 मई को नवागढ़ एवं भड़ेसर में लगेगा शिविर

“सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत 12 मई को नगर पंचायत नवागढ़ के प्रगति क्लब तथा ग्राम पंचायत भड़ेसर के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में संबंधित वार्डों एवं 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल होंगे। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रस्तुत करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *