पश्चिम बंगाल में मंत्रिमंडल का विस्तार, 35 नये मंत्री शामिल


कोलकाता. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने सोमवार को अपनी मंत्रिपरिषद का विस्तार कर 35 नये मंत्रियों को शामिल किया है। इसके साथ ही मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री समेत मंत्रियों की कुल संख्या 41 हो गयी है।


विधानसभा चुनाव में पहली बार भारी बहुमत से जीत हासिल करने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने नौ मई को राज्य में सरकार गठित की थी।

उस दिन श्री अधिकारी ने यहां ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ पांच अन्य मंत्रियों श्री दिलीप घोष, सुश्री अग्निमित्रा पॉल, श्री अशोक कीर्तनिया, श्री खुदीराम टुडू और श्री निसिथ प्रमाणिक ने भी शपथ ली थी।

राज्यपाल आर. एन. रवि ने आज पूर्वाह्न 35 नये मंत्रियों को लोक भवन में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। इनमें 13 कैबिनेट मंत्री, 19 राज्य मंत्री और तीन स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री बनाये गये हैं।

शपथ लेने वालों में श्री तापस रॉय (मानिकतला), श्री दीपक बर्मन (फालाकाटा), श्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय (सूरी), श्री शरद्वत मुखोपाध्याय (राजारहाट-न्यू टाउन), श्री स्वपन दासगुप्ता (रासबिहारी), श्री सजल घोष (बारानगर), श्री शंकर घोष (सिलीगुड़ी), श्री अर्जुन सिंह (नोआपारा), श्री अशोक डिंडा (मयना), श्री इंद्रनील खान (बेहाला पश्चिम), सुश्री मालती रावा रॉय (तूफानगंज) और श्री राजेश महतो (गोपीबल्लभपुर) के साथ कई अन्य विधायक शामिल हैं। औसग्राम की सुश्री कलिता माझी और कांदी की सुश्री गार्गी घोष दास ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

कैबिनेट मंत्रियों में श्री दीपक बर्मन, श्री तापस रॉय, श्री शंकर घोष, श्री मनोज उरांव, श्री अर्जुन सिंह, श्री गौरीशंकर घोष, श्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, श्री स्वपन दासगुप्ता, श्री कल्याण चक्रवर्ती, श्री दूधकुमार मंडल, श्री अजय पोद्दार ,श्री सजल घोष और श्री अरूप कुमार दास शामिल हैं। श्री इंद्रनील खान, सुश्री मालती रावा रॉय और राजेश महतो को स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है।

राज्य मंत्रियों में श्री जुएल मुर्मू, श्री हरेकृष्ण बेरा, श्री आनंदमय बर्मन, श्री अशोक डिंडा, श्री नादियाचंद बाउरी, श्री बिशाल लामा, श्री दिवाकर घरामी, श्री शांतनु प्रमाणिक, सुश्री पूर्णिमा चक्रवर्ती, सुश्री मौमिता बिस्वास मिश्रा, सुश्री गार्गी घोष दास, श्री उमेश राय, श्री कौशिक चौधरी, श्री भास्कर भट्टाचार्य, सुश्री कलिता माझी, श्री बिराज बिस्वास, श्री दीपांकर जेना, सुश्री सुमाना सरकार और सुश्री अमिया किस्कू शामिल हैं।

भाजपा ने राज्य विधानसभा की 294 सीटों में से 208 सीटों पर जीत हासिल की थी। श्री अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कई केन्द्रीय मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के शासन वाले राज्याें के मुख्यमंत्री तथा अन्य नेता शामिल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *