गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से निपुण बनेगा रायपुर – कलेक्टर सिंह

Report by manisha yadav

रायपुर। जिला प्रशासन रायपुर द्वारा संचालित पढ़े रायपुर, लिखे रायपुर और बढ़े रायपुर अभियान के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार के लिए कार्य करने वाले शिक्षकों को आज सम्मानित किया गया। विनोबा कार्यक्रम के माध्यम से उन शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं गिफ्ट हैम्पर प्रदान किए गए जिन्होंने कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए कहानी वाचन, कविता वाचन, टीएलएम निर्माण एवं उसके प्रभावी उपयोग जैसे नवाचारों से सीखने सिखाने की प्रक्रिया को अधिक रोचक और प्रभावी बनाया है।

कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन ने उत्कृष्ट एवं नवाचारी शिक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर श्रीमती अनीता तिवारी, शासकीय प्राथमिक शाला देवपुरी, सुश्री प्रीति साहू, सुश्री सावित्री साहू एवं सुश्री संगीता साहू को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं नवाचारों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालयों में किए जा रहे नवाचार बच्चों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को इसी प्रकार नवाचारों के साथ कार्य करते हुए निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों की प्राप्ति में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *