रायपुर रेल मंडल में तिरंगा रैली सहित विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन

Report by manisha yadav

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर रेल मंडल द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गय । इसी क्रम में रायपुर रेल मंडल के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों की सहभागिता से तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रैली के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत रायपुर रेल मंडल में विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इनमें चित्रकला एवं पेंटिंग, रंगोली, क्ले मॉडलिंग तथा देशभक्ति गीत एवं कविता प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावनाओं को अभिव्यक्त किया।

चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने तिरंगे, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रभक्ति एवं भारतीय संस्कृति से जुड़े विषयों को अपनी कलाकृतियों में आकर्षक रूप से प्रस्तुत किया। वहीं क्ले मॉडलिंग के माध्यम से प्रतिभागियों ने देश की विविधता, राष्ट्रीय प्रतीकों एवं गौरवशाली विरासत को रचनात्मक रूप प्रदान किया। देशभक्ति गीत एवं कविता प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों एवं कविताओं की प्रभावी प्रस्तुतियां दीं, जिससे कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रप्रेम एवं उत्साह का वातावरण बना रहा।
रायपुर रेल मंडल द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य रेल परिवार के सदस्यों में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति, राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है। इन आयोजनों में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों की सक्रिय भागीदारी ने हर घर तिरंगा अभियान को उत्साहपूर्ण एवं सार्थक बनाया।
रायपुर रेल मंडल ने सभी रेलकर्मियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय रूप से सहभागी बनें और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त करते हुए अपने घरों पर भी तिरंगा फहराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *