
एक माह में हजारों परिवारों को घर-घर नल से मिला स्वच्छ पानी, लोगों के चेहरे पर दिखी खुशी
नन्दु कुशवाहा
बलरामपुर। जल जीवन मिशन के तहत बलरामपुर जिले में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। विगत एक माह में जिले की लगभग 40 जल जीवन मिशन योजनाओं में पेयजल प्रदाय प्रारंभ किया जा चुका है। इससे दर्जनों गांवों के हजारों परिवारों को उनके घरों में नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने लगा है।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत खजूरियाडीह, चांदो, लोढ़ा, हर्री, बदा, महेवा, रामनगर एवं पहाड़खड़ुवा सहित कई गांवों में नल से पानी पहुंचने के बाद ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने घर में ही नल से स्वच्छ पानी मिलने पर प्रसन्नता जताते हुए पीएचई विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


इसके अलावा जिले के कई अन्य गांवों में भी जल जीवन मिशन की योजनाओं पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। विभिन्न योजनाएं वर्तमान में अलग-अलग चरणों में प्रगति पर हैं। योजनाओं के पूर्ण होने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवारों को घर-घर नल से पेयजल उपलब्ध होने की उम्मीद है।

पीएचई के कार्यपालन अभियंता पंकज जैन ने जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचकर जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
कार्यपालन अभियंता पंकज जैन ने कहा कि जल जीवन मिशन की योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले एक माह में दर्जनों गांवों में योजनाओं के माध्यम से हजारों परिवारों को घर में नल से पानी मिलना शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है।
