Report by manisha yadav
रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों और उनसे संबद्ध अस्पतालों में पदस्थ 14 डॉक्टरों की नई पदस्थापना की गई है। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने 3 सितंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के तहत कई चिकित्सकों को प्रभारी अधिष्ठाता और अस्पताल अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विभाग के अनुसार, यह पदस्थापना अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी। संबंधित डॉक्टरों को आदेश जारी होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर अपनी नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा।
निर्धारित समय सीमा में कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर संबंधित अधिकारी को नियमानुसार स्वत: भारमुक्त माना जाएगा। विभाग ने वर्तमान पदस्थापना से अधिकारियों को भारमुक्त कर नई जगह कार्यमुक्त करने और इसकी जानकारी चिकित्सा शिक्षा विभाग को भेजने के निर्देश भी दिए हैं।
कबीरधाम मेडिकल कॉलेज को मिला नया प्रभारी अधिष्ठाता
आदेश के अनुसार, डॉ. प्रतिभा जैन शाह, प्राध्यापक निश्चेतना विभाग, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर को प्रभारी अधिष्ठाता, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय कबीरधाम की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, डॉ. अजय कोसाम, प्राध्यापक शिशुरोग विभाग, प्रभारी अधिष्ठाता कबीरधाम से स्थानांतरित होकर चिकित्सा महाविद्यालय राजनांदगांव में प्राध्यापक शिशुरोग विभाग के पद पर पदस्थ किए गए हैं।
डॉ. गोपाल सिंह कंवर कोरबा मेडिकल कॉलेज से स्थानांतरित होकर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय जशपुर के प्रभारी अधिष्ठाता बनाए गए हैं। वे वर्तमान में कोरबा संबद्ध चिकित्सालय में प्रभारी अस्पताल अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
अंबिकापुर और जशपुर में भी बदलाव
डॉ. एस.पी. कुजूर को शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय कुनकुरी, जशपुर से शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय अंबिकापुर में पदस्थ किया गया है।
डॉ. रविकांत दास को रायपुर मेडिकल कॉलेज से स्थानांतरित कर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय कोरबा का प्रभारी अस्पताल अधीक्षक बनाया गया है।
डॉ. अविनाश मेश्राम को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के प्रभारी अधिष्ठाता पद से हटाकर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय दुर्ग में प्राध्यापक सह संचालक, पैथोलॉजी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
डॉ. आर.सी. आर्या को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज का प्रभारी अधिष्ठाता बनाया गया है। वहीं, डॉ. राकेश निगम को इसी महाविद्यालय में प्रभारी अस्पताल अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बिलासपुर, जांजगीर और दुर्ग में भी नई जिम्मेदारी
डॉ. ए.आर. बेन को शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय जांजगीर-चांपा के प्रभारी अस्पताल अधीक्षक पद से स्थानांतरित कर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय बिलासपुर में प्राध्यापक अस्थिरोग विभाग बनाया गया है।
डॉ. ओंकार कश्यप को जांजगीर-चांपा मेडिकल कॉलेज में प्रभारी अस्पताल अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। वे इससे पहले इसी संस्थान में प्राध्यापक बायोकमेस्ट्री विभाग के पद पर कार्यरत थे।
डॉ. कुलदीप सांग को प्रभारी अस्पताल अधीक्षक पद से हटाकर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय दुर्ग में प्राध्यापक दंत रोग विभाग बनाया गया है।
डॉ. अमित अग्रवाल को शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय दुर्ग का प्रभारी अस्पताल अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले इसी महाविद्यालय में प्राध्यापक जनरल सर्जरी विभाग के पद पर कार्यरत थे।
मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज में भी बदलाव
डॉ. अरुणेश सिंह को शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ के प्रभारी अस्पताल अधीक्षक पद से हटाकर शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय अंबिकापुर में प्राध्यापक अस्थिरोग विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, डॉ. जयपाल चंद्रवंशी को शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ का प्रभारी अस्पताल अधीक्षक बनाया गया है। वे इससे पहले इसी महाविद्यालय में प्राध्यापक मेडिसीन विभाग के पद पर कार्यरत थे।
आदेश तत्काल प्रभाव से लागू
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी नई पदस्थापनाएं तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। संबंधित अधिकारियों को अपने वर्तमान पद से कार्यमुक्त होकर निर्धारित अवधि में नई जिम्मेदारी संभालनी होगी। विभाग ने सभी संबंधित संस्थानों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
