दो साल से फरार चल रहा आरोपी गिरफ्तार, पुलिस को मिली बड़ी सफलता

Report by manisha yadav

भिलाई। वर्ष 2024 में हथखोज बीईसी कंपनी के पीछे शराब पीने को लेकर हुए विवाद में आरोपीगण ने मृतक नरेन्द्र नवरंगे से मारपीट की थी। विवाद के दौरान आरोपी जितेन्द्र वर्मा ने बेल्ट से मारपीट करने के बाद पास में पड़े वजनी पत्थर से मृतक के सिर पर वार किया था। हथखोज क्षेत्र में युवक नरेन्द्र नवरंगे की हत्या के मामले में लगभग दो वर्षों से फरार आरोपी को पुरानी भिलाई पुलिस ने हरियाणा के पलवल से गिरफ्तार किया।

15.09.2024 को प्रार्थी निकेश यादव अपने दोस्त मृतक नरेन्द्र नवरंगे एवं आयुष गायकवाड के साथ नया मोबाइल किस्त में खरीदने के लिए मोटर सायकल से जा रहा था। इसी दौरान मोबाइल खरीदने के संबंध में आरोपी जितेन्द्र वर्मा से संपर्क हुआ। आरोपी द्वारा छावनी आने तथा मोबाइल दिलाने की बात कही गई। रास्ते में एसीसी चौक के पास जितेन्द्र वर्मा अपने साथियों सोनू एवं सुमीत जायसवाल के साथ मिला।
इसके बाद सभी लोग हथखोज स्थित बीईसी कंपनी के पीछे पहुंचे। वहां शराब पीने की बात को लेकर मृतक नरेन्द्र नवरंगे एवं आरोपीगण के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपीगण द्वारा मृतक के साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पर प्रार्थी एवं गवाह को भी आरोपी द्वारा धमकाया गया। इसी दौरान आरोपी जितेन्द्र वर्मा ने बेल्ट से मृतक पर वार किया। बेल्ट टूट जाने के बाद आरोपी ने पास में पड़े वजनी पत्थर से मृतक नरेन्द्र नवरंगे के सिर पर प्राणघातक वार किया, जिससे उसकी मौके पर मृत्यु हो गई।
घटना के बाद आरोपीगण फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पुरानी भिलाई में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई। विवेचना में आरोपीगण जितेन्द्र वर्मा, सोनू एवं सुमीत जायसवाल की घटना में संलिप्तता पाए जाने पर प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई। आरोपी जितेन्द्र वर्मा के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर न्यायालय द्वारा उसे आजीवन कारावास से दण्डित किया जा चुका है।

प्रकरण में फरार आरोपी सोनू उर्फ इंद्रपाल सिंह के विरुद्ध स्थायी वारंट जारी हुआ था। वारंट की तामिली एवं आरोपी की पतासाजी के दौरान पुलिस टीम को उसके हरियाणा के पलवल में छिपे होने की जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी को 05.09.2026 को पलवल, हरियाणा से गिरफ्तार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *