Today

बैज की वाचालता मानसिक दिवालिएपन का प्रमाण : भाजपा

Report by manisha yadav

प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू का करारा हमला : मोदी जी के जन्मदिन पर अनर्गल प्रलाप करने से पहले बैज गांधी-नेहरू खानदान के कारनामों का हिसाब दें

“​बैज बताएँ— नेहरू, इंदिरा, राजीव, सोनिया, राहुल और वाड्रा का जन्मदिन किस नाम से मनाना पसंद करेंगे?”

​रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना साहू ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर तीखा प्रहार करते हुए इसे उनकी राजनीतिक हताशा और अनर्गल वाचालता करार दिया है।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती साहू ने कहा कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता, भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को भाजपा हमेशा जनसेवा, रक्तदान, स्वच्छता और जनकल्याणकारी कार्यों के जरिए ‘सेवा पखवाड़ा’ के रूप में मनाती है। लेकिन जिन दलों की संस्कृति केवल एक परिवार की परिक्रमा और भ्रष्टाचार पर टिकी हो, उन्हें जनसेवा का यह भाव कभी समझ नहीं आ सकता।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती साहू ने बैज को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस का नामकरण करने की हास्यास्पद कोशिश करने से पहले बैज यह स्पष्ट करें कि वे अपने आकाओं का जन्मदिन किन नामों से मनाना पसंद करेंगे :

•​ पं. जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन : देश की सीमाओं से समझौता करने, अक्साई चिन गँवाने और कश्मीर समस्या देश पर थोपने के नाम पर मनाया जाए?
* ​इंदिरा गांधी का जन्मदिन : देश पर क्रूर ‘आपातकाल’ थोपने, लोकतंत्र की हत्या करने और नागरिक अधिकारों को कुचलने के ‘तानाशाही दिवस’ के रूप में मनाएंगे?
* ​राजीव गांधी का जन्मदिन : सिखों के नरसंहार, भोपाल गैस त्रासदी के मुख्य आरोपी को भगाने और ऐतिहासिक ‘बोफोर्स दलाली दिवस’ के रूप में मनाना चाहेंगे?
* ​एंटोनिया एडविगे अल्बिना माइनो (सोनिया गांधी) का जन्मदिन : सुपर पीएम बनकर 10 वर्षों तक देश को लूटने, टू-जी, कॉमनवेल्थ और कोयला घोटाले के ‘महाघोटाला दिवस’ के रूप में मनाएंगे?
* ​राहुल गांधी का जन्मदिन : देश की गरिमा को विदेशों में बदनाम करने, सेना के शौर्य पर सवाल उठाने और सनातन का अपमान करने के ‘झूठ और भ्रम दिवस’ के नाम पर रखेंगे?
* ​प्रियंका वाड्रा व रॉबर्ट वाड्रा का जन्मदिन : हरियाणा और राजस्थान में किसानों की जमीनों को हड़पने के ‘जमीन हड़प दिवस’ के रूप में मनाएंगे?

​भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती साहू ने कहा कि जिस कांग्रेस ने 60 सालों तक देश को गरीबी, भुखमरी और भ्रष्टाचार की गर्त में धकेला, आज जब मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला, 80 करोड़ जनता को मुफ्त राशन दिया, किसानों को सम्मान निधि दी और भारत को दुनिया की पाँचवीं सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनाया, तो कांग्रेसियों के पेट में दर्द हो रहा है! बैज केवल मीडिया की सुर्खियों में बने रहने के लिए गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी कर अपनी शर्मनाक वाचालता प्रदर्शित कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस के झूठ, धोखे और भ्रष्टाचार को पहचानकर उसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया है। श्रीमती साहू ने नसीहत दी कि बैज अपनी पार्टी की बची-खुची साख बचाने की चिंता करें और राष्ट्र निर्माण में समर्पित प्रधानमंत्री के प्रति स्तरहीन बयानबाजी से बाज आएँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *