
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा और राज्य के किसी भी हिस्से में वर्षा दर्ज नहीं की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आगामी दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क ही रहने का अनुमान है। हालांकि इसके बाद मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिलेगा और चुनिंदा इलाकों में हल्की वर्षा की शुरुआत हो सकती है।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले 48 घंटों तक राज्य के लिए किसी प्रकार की मौसम चेतावनी नहीं है। दो दिनों के उपरांत राज्य के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में बादलों की गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
रायपुर रहा सबसे गर्म, पेण्ड्रारोड में सबसे ठंडी रात
बीते 24 घंटों के दौरान रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेण्ड्रारोड में 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य प्रमुख शहरों में बिलासपुर का अधिकतम पारा 33.4 डिग्री, माना एयरपोर्ट 34.4 डिग्री, अंबिकापुर 30.9 डिग्री, जगदलपुर 33.6 डिग्री, दुर्ग 32.4 डिग्री तथा राजनांदगांव में 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान के मामले में अंबिकापुर में 19.5 डिग्री, जगदलपुर में 20.5 डिग्री और दुर्ग में 21.0 डिग्री सेल्सियस पारा रिकॉर्ड हुआ।
मॉनसून विदाई और वेदर सिस्टम
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी रेखा वर्तमान में सुपौल, रांची, सुंदरगढ़, बरगढ़, बीजापुर, हैदराबाद, बेलगावी और पणजी से होकर गुजर रही है। आगामी दो से तीन दिनों में पूर्वी भारत और उत्तरी प्रायद्वीप के अन्य क्षेत्रों से मॉनसून की आगे वापसी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। इसके साथ ही मध्य ओडिशा के ऊपर समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।
राजधानी रायपुर का स्थानीय पूर्वानुमान
राजधानी रायपुर में 11 अक्टूबर को आकाश मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है।[rashi mandal]
