Today

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से भटगांव विधानसभा में 6.97 करोड़ रुपये के सड़क-पुल कार्यों को मिली स्वीकृति

Report by manisha yadav

रायपुर, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री और भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से भटगांव विधानसभा क्षेत्र में आवागमन सुविधाओं के विस्तार के लिए दो महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। इन कार्यों पर कुल 6 करोड़ 97 लाख 80 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
स्वीकृत कार्यों में गंगोटी-शिवप्रसादनगर से डुमरिया मार्ग पर गोबरी नदी में उच्चस्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण शामिल है। इस कार्य के लिए 3 करोड़ 51 लाख 29 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पुल बनने से नदी के दोनों ओर बसे गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होगा।
इसी तरह ग्राम पंचायत कुम्दाबस्ती से जुना तालाब बांधभीठ तक 2.40 किलोमीटर मार्ग का निर्माण पुल-पुलियों सहित किया जाएगा। इस कार्य के लिए 3 करोड़ 46 लाख 51 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। मार्ग बनने से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र के संपर्क मार्गों का विस्तार होगा।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास और ग्रामीण अंचलों में आवागमन को सुगम बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इन कार्यों की स्वीकृति से भटगांव विधानसभा क्षेत्र में सड़क और पुल-पुलियों के विकास को गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *