दशहरा जश्न के बीच हड़कंपरॉकेट मंच पर गिरा, पटाखे फूटने से भीड़ में मची भगदड़

Report by manisha yadav

छत्तीसगढ़ समेत देशभर में विजयदशमी के अवसर पर धूमधाम के कार्यक्रम आयोजित किए गए. इस दौरान कुछ शहरों से कार्यक्रम के दौरान अप्रिय घटना भी सामने आई है. कहीं आतिशबाजी करने के दौरान जलता हुआ रॉकेट मुख्य स्टेज तक पहुंच गया, जिससे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. तो कहीं आतिशबाजी के पटाखे से दो लोग घायल हो गए. इन घटनाओं ने आयोजन की तैयारी और लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लाखों रुपये फूंके जाने के बाद भी ऐसी घटनाएं न हो इसके लिए क्या कोई तैयारी नहीं होती?

सरगुजा के अंबिकापुर में मंगलवार को पीजी कॉलेज मैदान में विजयदशमी को मनाने के लिए कई दिनों तक तैयारियां की गई. आयोजकों ने पूरे कार्यक्रम में काफी खर्च कर कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए आतिबाजी की भी तैयारी की थी. पोस्टर-बैनर के साथ प्रचार कर लोगों की भीड़ जुटाई गई. कार्यक्रम में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए थे. 

रावण दहन कार्यक्रम में आतिशबाजी अनियंत्रित हो गई. जलता हुआ रॉकेट सीधा मुख्य स्टेज तक जा पहुंचा. कपड़े से बने छत पर चिंगारी भड़क उठी. घटना से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. राहत की बात रही कि फायर फाइटर टीम ने तत्काल एक्शन लेते हुए चिंगारी पर काबू पाने की कोशिशें शुरू की, जिससे बड़ी अनहोनी होने से टल गई. घटना से पटाखों के संचालन में लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं.

जशपुर में भी रावण दहन कार्यक्रम के दौरान आतिशबाजी में बड़ा हादसा होते-होते टल गया. सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रणजीता स्टेडियम में आतिशबाजी के दौरान एक पटाखा अचानक भीड़ के बीच जा गिरा. पटाखे की चपेट में आने से दो लोगों को मामूली चोटें आईं.

पटाखा भीड़ में गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. घटना के दौरान बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन गनीमत रही कि दोनों लोगों को मामूली चोटें ही आईं. घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई.

देखें वीडियो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *