Today

आमाकोना (शंकरगढ़) व चंपानगर (कुसमी) में लगे स्वास्थ्य एवं पोषण शिविर

Report by manisha yadav

मोबाइल मेडिकल यूनिट से ग्रामीणों को मौके पर मिला प्राथमिक उपचार

रायपुर, सुदूर वनांचल के ग्रामीणों को गांव में ही स्वास्थ्य और पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं पोषण सेवा संगम के तहत बलरामपुर रामानुजगंज जिले के आकांक्षी विकासखंड शंकरगढ़ के बहुउद्देशीय केंद्र आमाकोना और कुसमी विकासखंड के बहुउद्देशीय केंद्र चंपानगर में शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और शिशुवती माताओं को विशेष रूप से चिकित्सा सेवा का लाभ मिला।

पीएम जनमन क्षेत्र के ग्राम पोड़ीखुर्द स्थित आमाकोना बहुउद्देशीय केंद्र में पीएम जनमन योजना के तहत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए स्वास्थ्य सेवाएं सीधे ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचीं। यूनिट में ग्रामीणों का ब्लड प्रेशर मापा गया, शुगर की जांच की गई और आगे की जांच के लिए ब्लड सैंपल लिए गए। जरूरतमंदों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार और परामर्श भी दिया गया। अस्पताल तक जाने की दूरी और समय की बचत होने से ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में इन सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में 42 महिलाएं और 30 बच्चे शामिल हुए। सभी बच्चों का वजन एवं ऊंचाई मापकर उनकी पोषण स्थिति का आकलन किया गया और अभिभावकों को उनके बेहतर विकास के लिए परामर्श दिया गया। पूरक पोषण आहार के 15 पात्र हितग्राहियों को सुपोषण किट वितरित किया गया। ग्रामीणों को कुपोषण के कारण और रोकथाम, मातृ पोषण, शिशु आहार तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *