मुंगेली। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। उन्होंने 465 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले कुल 77 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 68 करोड़ 14 लाख रुपये के 24 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण तथा 397 करोड़ 26 लाख रुपये के 53 नए कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
इन परियोजनाओं के माध्यम से जिले में सड़क, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
203 करोड़ की पेयजल योजना और 143 करोड़ के सड़क कार्यों को मिली शुरुआत
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में लगभग 143 करोड़ रुपये की लागत से 25 सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। वहीं अमृत मिशन 2.0 के तहत 203 करोड़ रुपये से अधिक की जल प्रदाय योजना की शुरुआत की गई है।
इसके अलावा जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 11 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल और सिंचाई सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कंतेली को महाविद्यालय और पंचायत भवन की सौगात
क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री ने ग्राम कंतेली में महाविद्यालय भवन एवं पंचायत भवन निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका बनाने तथा ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क निर्माण एवं मरम्मत की घोषणा की।
इन घोषणाओं से क्षेत्र में शिक्षा, आवागमन और स्थानीय प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद बढ़ी है।
किसानों को मिलेगी प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता
कार्यक्रम में किसानों के हित में मुख्यमंत्री की घोषणा भी विशेष चर्चा का विषय रही। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा।
इस वर्ष प्रदेश में 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए जाएंगे, जिससे कुल केंद्रों की संख्या 3100 हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि देने की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित पूरी मात्रा में धान बेचना अनिवार्य नहीं होगा। कम मात्रा में धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी सत्यापित रकबे के आधार पर नियमानुसार सहायता राशि मिलेगी।
68 लाख महिलाओं को मिल रहा महतारी वंदन योजना का लाभ
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 33 किश्तों में 21,340 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं।
उन्होंने श्रीरामलला दर्शन योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
अब आधी रात भी दर्ज करा सकेंगे शिकायत, 1076 हेल्पलाइन रहेगी सक्रिय
आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री ने 1076 हेल्पलाइन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह हेल्पलाइन 24 घंटे संचालित रहेगी, जहां नागरिक किसी भी समय अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
इसके साथ ही सेवा सेतु पोर्टल और ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को घर बैठे सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
तोखन साहू ने दी बधाई, अरुण साव ने बताया विकास की नई पहचान
केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने जिले को 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिलने पर जिलेवासियों को बधाई दी।
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि मुंगेली जिले में विकास की बयार बह रही है। सड़क, पुल-पुलिया और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने मुंगेली नगरीय निकाय क्षेत्र के लिए एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति मिलने की जानकारी भी दी।
मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले ने विकास कार्यों की सौगात के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
समय-सीमा में पूरे होंगे सभी विकास कार्य
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कहा कि जिले में शुरू किए गए विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाएगा। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।
हितग्राहियों को वितरित की गई सहायता सामग्री
कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। मत्स्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को आइस बॉक्स एवं महाजाल वितरित किए गए। सात हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, एक दिव्यांग हितग्राही को 50 हजार रुपये का चेक तथा तीन हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रतीकात्मक चाबियां सौंपी गईं।
इसके अलावा आजीविका डबरी के हितग्राहियों को सम्मानित किया गया तथा कंतेली महाविद्यालय के विद्यार्थियों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही।
465 करोड़ रुपये से अधिक की विकास सौगात के साथ मुंगेली जिले में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है। सड़क, शिक्षा, पेयजल और किसानों के हित में की गई घोषणाएं जिले के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही हैं।
