Today

छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर, रायपुर समेत 11 जिलों में बारिश और वज्रपात का यलो अलर्ट

Report by manisha yadav

रायपुर, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का प्रभाव छत्तीसगढ़ के मौसम पर दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर में गुरुवार देर रात मौसम का मिजाज बदलने के साथ ठंडी हवाएं चलीं और हल्की बारिश हुई।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को रायपुर सहित प्रदेश के 11 जिलों में बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
राजधानी में कल रात करीब 11 बजे के बाद मौसम में अचानक बदलाव दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं के साथ शुरू हुई हल्की बारिश से तापमान में गिरावट आई और वातावरण में ठंडक बढ़ गई। सर्दी का असर बढ़ने के कारण शहर के कुछ इलाकों में लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने का प्रयास करते दिखाई दिए।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के रायपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिलों में मौसम प्रतिकूल रहने की संभावना है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
मौसम संबंधी पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ शुक्रवार दोपहर उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय क्षेत्रों से टकरा सकता है। तूफान के गोपालपुर के आसपास तट पार करने की संभावना व्यक्त की गई है। इस दौरान तटीय क्षेत्रों में 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने तथा हवा के झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
चक्रवाती प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अतिरिक्त प्रदेश में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है।
इस बीच मौसम विभाग के 19 नवंबर के आंकड़ों के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा। राजधानी में दिन और रात के तापमान के बीच 12.5 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया।
प्रदेश के अन्य स्थानों में अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। वहीं, दुर्ग में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा। चक्रवाती तूफान के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव और बारिश की संभावना बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *