दरभंगा रेप केस: कथावाचक ने नाबालिग से किया कुकर्म, एबॉर्शन कराने पर मजबूर; पुलिस ने किया गिरफ्तार

Report by manisha yadav

बिहार के दरभंगा जिले में एक धार्मिक कथावाचक शरण दास उर्फ श्रवण ठाकुर को एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने और उसे गर्भपात के लिए मजबूर करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर विशेष पॉक्सो (POCSO) कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में दरभंगा जेल भेज दिया गया है।

कथावाचक पर लगे संगीन आरोप

यह मामला दिसंबर 2025 में तब सामने आया जब पीड़िता की मां ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी शरण दास ने उसे शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण किया। शिकायत के अनुसार, जब नाबालिग गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने उसे जबरन गर्भपात कराने के लिए मजबूर किया। इस मामले में राम उदित दास उर्फ मौनी नामक एक अन्य व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है, जो फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर है।

श्रवण ठाकुर को नहीं मिली अग्रिम जमानत

पुलिस ने पुख्ता सबूतों के आधार पर शरण दास को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसकी अग्रिम जमानत याचिका निष्प्रभावी हो गई है। आरोपी को शनिवार को पॉक्सो कोर्ट में पेश किया गया। वकीलों की हड़ताल के कारण पिछली सुनवाई नहीं हो सकी थी, जिसके तुरंत बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। दोनों आरोपी बीरौल थाना क्षेत्र के पादरी गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में लहेरियासराय के पंचडी छावनी स्थित रामजानकी मंदिर में रह रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *