Today

शिवा साहू ठगी केस: HDFC बैंक के 6 कर्मचारियों की गिरफ्तारी

Report by manisha yadav

बिलाईगढ़। जिले के बहुचर्चित रायकोना ठगी कांड में सरसीवां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकिंग सिस्टम के भीतर चल रहे कथित फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। इस मामले में एचडीएफसी बैंक के 6 कर्मचारियों की गिरफ्तारी से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से होल्ड खाते से फर्जी लेटरपैड के जरिए लाखों रुपये की अवैध निकासी की गई। पुलिस के अनुसार, कुख्यात महाठग शिवा साहू के होल्ड खाते से करीब 10 लाख रुपये, जबकि उसकी कथित मंगेतर रितु साहू के खाते से लगभग 21 लाख रुपये की अवैध निकासी की गई थी। यह राशि बैंक के नियमों और प्रक्रियाओं को दरकिनार कर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से निकाली गई।

मामले की गहन जांच के दौरान बैंक कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एचडीएफसी बैंक सारंगढ़ शाखा से अभिषेक जायसवाल, दिनेश अनंत और पूजा मानिकपुरी को गिरफ्तार किया। वहीं बिलाईगढ़ शाखा से टीकाराम साहू, हनुमंत राव टंडन और प्रमोद देवांगन को हिरासत में लिया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों शाखाओं के प्रबंधकों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। उनसे जुड़े दस्तावेजों और लेन-देन की गहन पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

उल्लेखनीय है कि इस ठगी कांड का मुख्य आरोपी शिवा साहू फिलहाल जमानत पर रिहा है, लेकिन उसके बैंक खातों से हुई अवैध निकासी ने एक बड़े संगठित बैंकिंग फर्जीवाड़े की ओर इशारा किया है। सरसीवां पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और ठगी, जालसाजी व आपराधिक षड्यंत्र में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *