क्या अच्छी सेहत का मतलब सिर्फ यह है कि आपकी ब्लड टेस्ट रिपोर्ट सामान्य आए? बिल्कुल नहीं। कई बार हमारा शरीर बिना कुछ कहे ही रोज ऐसे संकेत देता है, जो बताते हैं कि अंदर से सब कुछ सही तरीके से काम कर रहा है। सुबह उठते ही भूख लगना, रात में आसानी से नींद आ जाना या फिर बिना थके तेज चल पाना जैसी बातें मामूली लग सकती हैं, लेकिन ये आपकी अच्छी सेहत की निशानी हो सकती हैं।
डॉक्टर पंक्ति शाह के अनुसार, शरीर के ये छोटे-छोटे संकेत बताते हैं कि आपकी नींद, पाचन, खानपान, ऊर्जा और मानसिक संतुलन एक-दूसरे के साथ सही तालमेल में काम कर रहे हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही 8 आसान संकेत, जो आपकी सेहत का हाल बयां कर सकते हैं।
1. आपको 15 से 20 मिनट के अंदर नींद आ जाती है
अगर बिस्तर पर जाने के कुछ ही समय बाद आपको आराम से नींद आ जाती है, तो यह अच्छी बात है। यह संकेत हो सकता है कि आपकी दिनचर्या, तनाव का स्तर और शरीर की प्राकृतिक घड़ी सही तरीके से काम कर रही है।
2. सुबह उठते ही भूख महसूस होती है
अगर सुबह उठने के बाद आपको अपने आप भूख लगती है, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि आपका पाचन और शरीर की ऊर्जा का संतुलन ठीक है। लंबे समय तक बिल्कुल भूख ना लगना कई बार शरीर के असंतुलन की ओर इशारा कर सकता है।
3. पेट आसानी से साफ हो जाता है
अगर रोजाना बिना ज्यादा समय लगाए और बिना परेशानी के पेट साफ हो जाता है, तो यह अच्छे पाचन का संकेत है। इसके लिए पर्याप्त पानी, फाइबर वाला भोजन और नियमित दिनचर्या भी जरूरी है।
4. दिनभर काम करने के लिए बार-बार चाय या कॉफी की जरूरत नहीं पड़ती
अगर आप सिर्फ जागे रहने या काम करने के लिए हर समय चाय या कॉफी पर निर्भर नहीं रहते, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि आपके शरीर में प्राकृतिक ऊर्जा बनी हुई है।
5. त्वचा ज्यादातर समय स्वस्थ रहती है
हर किसी की त्वचा अलग होती है, लेकिन अगर आपकी त्वचा सामान्य रूप से साफ और स्वस्थ रहती है, तो यह संतुलित खानपान, पर्याप्त पानी और अच्छी देखभाल का संकेत हो सकता है।
6. आपकी चलने की रफ्तार अच्छी है
अगर आप बिना ज्यादा थके सामान्य गति से चल पाते हैं, तो यह शरीर की ताकत, संतुलन और हृदय की अच्छी कार्यक्षमता की ओर इशारा करता है।
7. छोटी चोट या घाव जल्दी भर जाते हैं
अगर शरीर पर लगी छोटी खरोंच या हल्का घाव जल्दी ठीक हो जाता है, तो यह शरीर की हील करने की क्षमता के सही ढंग से काम करने का संकेत हो सकता है। इसके पीछे अच्छा खानपान और पर्याप्त आराम भी अहम भूमिका निभाते हैं।
8. आप अपनी भावनाओं को संभाल पाते हैं
हर किसी को गुस्सा, दुख या चिंता होती है, लेकिन अगर आप बिना तुरंत प्रतिक्रिया दिए अपनी भावनाओं को समझ और संभाल पाते हैं, तो यह मानसिक रूप से स्वस्थ होने का भी एक महत्वपूर्ण संकेत माना जाता है।
सिर्फ एक संकेत से तय नहीं होती सेहत!
इनमें से सभी संकेत हर व्यक्ति में एक जैसे नहीं होते। अगर इनमें से एक या दो बातें आपमें नहीं हैं, तो इसका मतलब यह नहीं कि आप बीमार हैं। अच्छी सेहत का मतलब है संतुलित भोजन, पर्याप्त नींद, नियमित शारीरिक गतिविधि, तनाव पर नियंत्रण और स्वस्थ जीवनशैली। इसके अलावा किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए अन्य डॉक्टर से उचित सलाह ले सकते हैं।
