Today

त्योहारी सीजन में रेलवे की बड़ी राहत, प्रयागराज-पुणे के बीच नई पूजा स्पेशल ट्रेन; वलसाड-दानापुर के 8-8 फेरे बढ़े

डेस्क। त्योहारों का सीजन आते ही ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट यात्रियों की परेशानी बढ़ा देती है। दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर्व पर घर जाने वालों की इसी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने खास तैयारियां की हैं। यूपी, बिहार और महाराष्ट्र का सफर आसान बनाने के लिए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनें चलाने और कुछ ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का फैसला किया है।

प्रयागराज से हडपसर (पुणे) के बीच एक नई पूजा स्पेशल ट्रेन शुरू की जा रही है, जबकि वलसाड-दानापुर स्पेशल के फेरों में विस्तार किया गया है। इन बदलावों से विशेषकर भोपाल-नर्मदापुरम संभाग से गुजरने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।प्रयागराज-हडपसर के बीच नई पूजा स्पेशल

  • प्रयागराज और हडपसर (पुणे) के बीच चलने वाली यह नई पूजा स्पेशल ट्रेन कुल 5-5 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन 21 अक्टूबर से शुरू होकर 19 नवंबर तक पटरी पर दौड़ेगी। हर बुधवार रात 10:20 बजे यह प्रयागराज से चलेगी, जबकि वापसी में हडपसर से यह गुरुवार रात 10:40 बजे रवाना होगी।
  • रास्ते में यह 15 प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी, जिनमें रानी कमलापति (आरकेएमपी), बीना, इटारसी, खजुराहो, चित्रकूट धाम, भुसावल, मनमाड और दौंड कॉर्ड लाइन शामिल हैं। इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 21 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 12 स्लीपर, 6 जनरल, 1 थर्ड एसी और 2 एसएलआरडी कोच होंगे।

वलसाड-दानापुर स्पेशल के बढ़े 8-8 फेरे

  • गुजरात से मध्य प्रदेश होते हुए बिहार जाने वाले यात्रियों को भी रेलवे ने बड़ी राहत दी है। वलसाड-दानापुर-वलसाड साप्ताहिक स्पेशल के फेरों में 8-8 ट्रिप की बढ़ोतरी की गई है और इसकी नई समय-सारणी भी लागू कर दी गई है। वलसाड से यह स्पेशल ट्रेन 5 अक्टूबर से 23 नवंबर के बीच हर सोमवार सुबह 8:40 बजे प्रस्थान करेगी, जो रात 8 बजे इटारसी और रात 11:40 बजे जबलपुर पहुंचेगी।
  • वहीं, दानापुर से वापसी के लिए यह 6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक हर मंगलवार दोपहर 1:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी और सतना जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहरेगी। साथ ही, अब इसे चलथान और बारडोली स्टेशनों पर भी नया स्टॉपेज दिया गया है।

जीएम ने किया स्टेशनों का औचक निरीक्षण

इस दौरान जीएम ने 1.12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर रनिंग रूम का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कर्मचारियों से मेस के खाने की गुणवत्ता के बारे में पूछताछ की और अधिकारियों को चेताया कि खानपान व साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आगामी त्योहारों पर स्टेशनों पर उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर पश्चिम मध्य रेलवे के जीएम दिलीप कुमार सिंह ने खुद भोपाल और रानी कमलापति स्टेशन का जायजा लिया। उन्होंने भोपाल स्टेशन पर बनाए गए स्पेशल होल्डिंग एरिया की व्यवस्थाओं को परखा और प्रवेश-निकास द्वारों, वेटिंग हॉल व परिसर में साफ-सफाई बेहतर रखने के सख्त निर्देश दिए।[rashi mandal]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *