रायगढ़। जूटमिल पुलिस ने पशुओं के प्रति क्रूरता और अवैध परिवहन के गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजते हुए एक अहम सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी दिलीप बोदरा पिता पाण्डु बोदरा उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम संरोक्सी थाना केबलंग जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) को गिरफ्तार किया है, जो पिछले एक माह से फरार था। जानकारी के अनुसार 01 नवंबर 2025 की रात्रि जूटमिल पुलिस द्वारा कोडातराई चौक के पास रोड किनारे खड़ी स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक OR 14 Q 5327 को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया था। वाहन चालक मौके से फरार मिला। थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव को पूर्व में सूचना प्राप्त हुई थी कि ओडिशा पासिंग स्कॉर्पियो वाहन में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर ओडिशा के बूचड़खाने ले जाया जा रहा है।
मौके पर की गई प्रारंभिक जांच में पाया गया कि स्कॉर्पियो वाहन के चालक द्वारा 5 नग मवेशियों को एक साथ क्रूरतापूर्वक बांधकर अवैध रूप से बूचड़खाना परिवहन के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। वाहन को रोड किनारे खड़ा कर चालक फरार हो गया था। पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो वाहन को जप्त किया तथा वाहन में पाए गए 2 नग जीवित मवेशियों (कुल अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये) को जप्ती पत्रक के तहत कब्जे में लिया। जीवित मवेशियों को ग्राम कोटवार की देखरेख में सुपुर्द किया गया, जबकि 3 नग मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराया गया।
