Report by manisha yadav
रायपुर। केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा पेश आर्थिक सर्वेक्षण 2025–26 यह साफ बताता है कि देश की अर्थव्यवस्था मज़बूत हाथों में है और सही दिशा में आगे बढ़ रही है। जब दुनिया के कई देश महंगाई और आर्थिक मंदी से जूझ रहे हैं, तब भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संतुलन बनाए रखा है। सर्वेक्षण के अनुसार देश की जीडीपी 7.4 प्रतिशत की दर से बढ़ी है और महंगाई घटकर 1.7 प्रतिशत रह गई है। इससे आम आदमी को रोज़मर्रा की ज़िंदगी में राहत मिली है।
भाजपा सरकार ने यह साबित किया है कि विकास का मतलब सिर्फ काग़ज़ी आंकड़े नहीं, बल्कि ज़मीन पर बदलाव है। सरकार अब ज़्यादा खर्च सड़क, पुल, बिजली, पानी और आवास जैसे स्थायी कामों पर कर रही है। इससे शहरों के साथ-साथ गाँवों में भी बुनियादी सुविधाएँ बेहतर हुई हैं और मज़दूरी व रोज़गार के अवसर बढ़े हैं।
किसानों के लिए भी यह सर्वेक्षण अच्छी खबर लेकर आया है। भाजपा सरकार की नीतियों के चलते खेती-किसानी में लगातार सुधार हुआ है। धान उत्पादन के साथ-साथ पशुपालन को बढ़ावा मिला है, जिससे किसानों की आमदनी बढ़ रही है। दूध, अंडा और पशु आधारित काम अब गाँवों में रोज़गार का मजबूत साधन बनते जा रहे हैं। इथेनॉल नीति के कारण देश का बाहर जाने वाला पैसा बचा है और आगे चलकर इसका फायदा किसानों को मिलने वाला है।
सड़क और परिवहन के क्षेत्र में भी भाजपा सरकार की साफ सोच दिखाई देती है। देशभर में राष्ट्रीय राजमार्गों का तेज़ी से विस्तार हुआ है। गाँव अब सीधे बाज़ार और शहरों से जुड़ रहे हैं। इससे किसानों को अपनी फसल बेचने में आसानी हुई है और समय व खर्च दोनों की बचत हो रही है। बेहतर संपर्क से व्यापार और छोटे उद्योगों को भी बढ़ावा मिला है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी भाजपा सरकार के प्रयासों के अच्छे नतीजे सामने आए हैं। ज़्यादातर बच्चे अब स्कूलों से जुड़ चुके हैं। गाँव और दूर-दराज़ इलाकों में स्कूल और कॉलेज बढ़े हैं, जिससे गरीब और आदिवासी परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ने का मौका मिला है। इससे देश को आने वाले समय में एक मज़बूत और सक्षम युवा पीढ़ी मिलेगी।
महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में भी भाजपा सरकार ने ठोस काम किया है। महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता से वे आत्मनिर्भर बन रही हैं। स्व-सहायता समूहों और छोटे काम-धंधों से महिलाओं की आमदनी बढ़ी है, जिससे पूरे परिवार की स्थिति सुधर रही है।
अब आने वाले बजट से भी ग्रामीण भारत को बड़ी उम्मीदें हैं। भाजपा सरकार से अपेक्षा है कि खेती, सिंचाई, खाद-बीज, पशुपालन, ग्रामीण सड़क, आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य पर और ज़्यादा ध्यान दिया जाएगा। जी राम जी जैसे रोज़गार से जुड़े कार्यक्रमों को और मज़बूत कर गाँवों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
कुल मिलाकर आर्थिक सर्वेक्षण 2025–26 यह दिखाता है कि भाजपा सरकार की नीतियों से देश की अर्थव्यवस्था मज़बूत हुई है और इसका लाभ सीधे गाँवों तक पहुँच रहा है। अगर यही विकास की रफ्तार बनी रही, तो आने वाले वर्षों में भारत और भी तेज़ी से आगे बढ़ेगा।
