Today

हर बच्चे तक बेहतर शिक्षा और सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : अरुण साव

Report by manisha yadav

शाला प्रवेश उत्सव में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री 

तिलक लगाकर नवप्रवेशी बच्चों का किया स्वागत, स्कूल के लिए 5 लाख देने की घोषणा की

विद्यार्थियों को वितरित की गणवेश और पाठ्य पुस्तकें

रायपुर. उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के ग्राम बिजराकछार स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में आयोजित विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में शामिल होकर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया। उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के वातावरण में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने शाला प्रवेश उत्सव में विद्यार्थियों को निःशुल्क शाला गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकों सहित अन्य सामग्रियों का वितरण किया। उन्होंने नवप्रवेशी बच्चों का गुलाल लगाकर स्वागत किया और मिठाई खिलाकर उनके विद्यार्थी जीवन की शुरूआत को यादगार बनाया।      

शाला प्रवेश उत्सव में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कार्यक्रम में विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए शासकीय विद्यालय बिजराकछार में किचन शेड एवं रंगमंच निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से प्रदेश के बच्चे अपने सपनों को साकार कर सकेंगे तथा भविष्य में देश व समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। 

श्री साव ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे मजबूत आधार है। शासन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। शाला प्रवेश उत्सव में स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *