Report by manisha yadav
रायपुर। मशहूर चिकित्सा विशेषज्ञ, फिल्म अभिनेता, निर्माता , निर्देशक एवं पटकथा लेखक डॉ अजय सहाय द्वारा लिखित व निर्देशित नृत्य नाटिका ” मधुमेह की रामलीला” का मंचन आगामी 11 जुलाई को स्थानीय छत्तीसगढ़ क्लब में होगा। इस इंफोटेनमेंट प्रोग्राम के कॉन्सेप्ट क्रिएटर डॉ राका शिवहरे हैं।
डॉ अजय सहाय ने प्रेस को बताया कि पूरी दुनिया में डायबिटीज यानी मधुमेह के रोगी तेजी से बढ़ रहे हैं, जिसमें भारत सर्वोच्च स्थान पर है। अब तो बिगड़ती लाइफ़ स्टाइल की वजह से ये कम उम्र के लोगों को भी अपनी चपेट में ले रही है।
अगर समय रहते जनता को जागरूक नहीं किया गया तो परिणाम भयावह होंगे।
इसी उद्देश्य को लेकर तैयार की गई इस नृत्य नाटिका में डायबिटीज के समस्त पहलुओं को दोहे और चौपाइयों के माध्यम से रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। राम, सीता, रावण, विभीषण, हनुमान जी सहित सभी पात्र अपने अपने ढंग से जागरूकता संदेश देते हैं। अभी तक इसका मंचन देश के कई शहरों में हो चुका है। दूरदर्शन केंद्र द्वारा भी फिल्मांकन करके प्रसारण किया जा चुका है।
मुख्य कलाकार हैं: डॉ अजय सहाय, डॉ राका शिवहरे, डॉ नवीन गुप्ता, डॉ संजय तैलंग, पुष्पेंद्र सिंह, सलीम खान, डॉ रश्मि देवांगन, संगीता निषाद, तारा साहू, संतोष वर्मा, विक्रम जगत, गोलू निषाद आदि।
