Today

खरगोन में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों व आबकारी टीम ने मारा छापा, 15.20 टन महुआ लहान नष्ट

 खरगोन : प्रदेश के सागर में जहरीली शराब कांड के बाद अवैध शराब के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग की सक्रियता बढ़ गई है। इसी कड़ी में जिले में पुलिस और आबकारी विभाग ने बुधवार तड़के अवैध कच्ची महुआ शराब के निर्माण के ठिकानों पर बड़ी संयुक्त कार्रवाई की।

मंडलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम सोमाखेड़ी और आसपास के इलाकों में एक साथ दबिश देने के लिए 100 से अधिक पुलिसकर्मियों और आबकारी अमले की टीमें पहुंचीं। कार्रवाई के दौरान ड्रोन कैमरे से भी क्षेत्र की सर्चिंग कराई गई।पुलिस के अनुसार कार्रवाई में अवैध शराब से जुड़े 23 प्रकरण धारा 34(1)(क)(च) के तहत दर्ज किए गए। टीम ने अलग-अलग ठिकानों से कुल 320 लीटर कच्ची हाथभट्टी शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 48 हजार रुपए बताई गई है। अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार किया गया करीब 15,200 किलोग्राम महुआ लहान भी टीम को मिला। इसकी अनुमानित कीमत करीब 15.20 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस और आबकारी विभाग ने लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले संसाधन भी जब्त किए गए।ड्रोन से तलाशे शराब के ठिकाने

कार्रवाई की खास बात यह रही कि टीम ने जमीन पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देने के साथ ड्रोन कैमरे की मदद से भी इलाके की सर्चिंग की। इससे उन स्थानों की पहचान करने में मदद मिली, जहां झाड़ियों या अन्य जगहों पर महुआ लहान छिपाकर अवैध शराब तैयार की जा रही थी। तड़के शुरू हुई कार्रवाई के कारण क्षेत्र में अवैध शराब बनाने वालों में भी हड़कंप की स्थिति रही।

यह कार्रवाई सागर में हाल ही में सामने आए जहरीली शराब कांड के बाद अवैध शराब के निर्माण और बिक्री को लेकर बरती जा रही सख्ती के बीच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस-प्रशासन का फोकस अब ऐसे ठिकानों को चिह्नित कर वहां बनने वाली कच्ची शराब की सप्लाई पर रोक लगाने पर है।

कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन ग्रामीण अनुराग और डीआईजी निमाड़ रेंज सिमाला प्रसाद के निर्देशों के तहत कलेक्टर गुरु प्रसाद और एसपी रविन्द्र वर्मा के निर्देशन में की गई। इसमें मंडलेश्वर टीआई पंकज तिवारी, महेश्वर टीआई जगदीश गोयल, करही टीआई राजेंद्र इंगले सहित तीनों थानों का पुलिस बल और इंदौर सहित जिला आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *