Report by manisha
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गणेश पंडाल में DJ साउंड बढ़ाने पर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। ग्राम संबलपुरी में बने पंडाल के पास नशे में आरोपी ने युवक के सीने में 4-5 बार चाकू घोंपा। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना सकरी थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि आरोपी मर्डर के बाद भी पंडाल के पास चाकू लेकर घूमता रहा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नशे का आदी है। वह 2 साल नशामुक्ति केंद्र में भी रह चुका है। पुलिस उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार (14 सितंबर) शाम ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के सामने बने गणेश पंडाल के पास अमन सूर्यवंशी (23) और आकाश सूर्यवंशी (22) मौजूद थे। उनके बीच साउंड सिस्टम को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।
गुस्से में अमन ने अपने पास रखे चाकू से आकाश के सीने पर लगातार 4 से 5 वार किए। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुई वारदात से पंडाल के आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पता चला कि पंडाल के पास डीजे बजाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इसी दौरान चाकू से हमला करने पर आकाश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्च्यूरी में रखा गया है। वहीं, पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने घटना के बाद अमन सूर्यवंशी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ कर विवाद की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। शुरुआती जांच में साउंड सिस्टम को लेकर विवाद की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है। वह दो से तीन साल तक नशामुक्ति केंद्र में भी रह चुका है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए हैं।
CSP सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि आरोपी को उसके परिजन पहले भी कई बार नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं, लेकिन उसकी नशे की लत नहीं छूटी। मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
