विदेशी छात्रों पर पुलिस की पैनी नजर, रायपुर में 15 दिन में हॉस्टल बदलने का आदेश

Report by manisha yadav

रायपुर। रायपुर शहर में पढ़ रहे विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। कलेक्ट्रेट में कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने जिले के सभी विश्वविद्यालयों और बड़े शैक्षणिक संस्थानों के कुलपतियों व प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक ली।

बैठक में प्रशासन ने साफ किया कि विदेशी छात्रों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा तथा शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। कलेक्टर और एसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी छात्र के खिलाफ सिर्फ उसकी राष्ट्रीयता के आधार पर कोई कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन कानून का उल्लंघन करने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अप्रिय घटना होने से पहले ही निरोधात्मक कदम उठाने पर जोर दिया। प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से भी अपील की है कि वे विदेशी छात्रों के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार रखें और किसी भी कानून-विरोधी गतिविधि की सूचना तुरंत विश्वविद्यालय, पुलिस या प्रशासन को दें।

अब निजी मकान-पीजी में नहीं रहेंगे छात्र

जो विदेशी छात्र वतर्मान में कॉलेज हॉस्टल के बाहर निजी मकानों, पीजी या अन्य जगहों पर रह रहे हैं, उन्हें 15 से 30 दिनों के भीतर विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध या संबद्ध सुरक्षित छात्रावास में शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए संस्थानों को कार्ययोजना बनाने को कहा गया है।

पूरी जानकारी प्रशासन को देनी होगी

सभी विश्वविद्यालयों को अपने यहां पढ़ रहे विदेशी छात्रों की संख्या, देश, कोर्स, प्रवेश की स्थिति, आवास का पता और संपर्क नंबर का सत्यापित रिकॉर्ड रखना होगा और जिला प्रशासन व पुलिस से साझा करना होगा।

काउंसलिंग और ओरिएंटेशन अनिवार्य

शिकायतें मिलने पर प्रशासन ने नाराजगी जताई। संस्थानों को निर्देश दिया गया कि छात्रों की प्रभावी निगरानी, काउंसलिंग और अनुशासन व्यवस्था रखें। छात्रों को भारतीय कानून, स्थानीय रीति-रिवाज, ट्रैफिक नियम, साइबर सुरक्षा और नशे से दूर रहने के बारे में नियमित ओरिएंटेशन दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *