नागपुर. महाराष्ट्र के नागपुर में दिवाली के दिन बेसा के रेवती नगर इलाके में एक शिक्षक दंपति अपने घर में मृत पाए गए। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
मृतकों की पहचान मनीष प्रल्हाद गनवीर (38) और उनकी पत्नी सोनाली मनीष गनवीर (35) के रूप में हुई है। दोनों गड़चिरौली जिले के सुरजागढ़ इलाके के एक स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। दंपति की शादी इसी साल अगस्त में हुई थी और दोनों का यह दूसरा विवाह था। दिवाली की छुट्टियों में वे परिवार के साथ त्योहार मनाने नागपुर स्थित अपने घर लौटे थे।
घटना का पता रविवार सुबह करीब 9:15 बजे चला, जब जैताला निवासी उनके रिश्तेदार प्रशिक अजय लांडगे (26) उनके घर पहुंचे। कई बार संपर्क करने की कोशिश के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर अजय लांडगे ने पास के टिन शेड के रास्ते दूसरी मंजिल की बालकनी तक पहुंचकर खिड़की से अंदर देखा। वहां उन्होंने दंपति को उनके शयनकक्ष में मृत पाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
बेलतरोड़ी पुलिस थाने की एक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बाद में दोनों के शवों को आगे की औपचारिकताओं के लिए नागपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। दंपति की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। जांचकर्ता पारिवारिक या अन्य निजी परिस्थितियों समेत विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
